Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
26-Aug-2026

रायपुर के राजीव भवन में आदिवासी कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। ऑल इंडिया आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया की मौजूदगी में आदिवासी समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक के बाद कांग्रेस और बीजेपी के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि बीजेपी आदिवासी मुख्यमंत्री बनाकर आदिवासी समाज को धोखा दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आदिवासियों का जल जंगल और जमीन छीना जा रहा है और उनकी परंपराओं को नष्ट किया जा रहा है।वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने आदिवासी समाज को सिर्फ वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने आदिवासी समाज के विकास के लिए ठोस कदम उठाए हैं और अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में अनुसूचित जनजाति के विकास के लिए अलग मंत्रालय का गठन किया गया था। कांग्रेस द्वारा जिला अध्यक्षों के बाद अब ब्लॉक अध्यक्षों की ट्रेनिंग कराए जाने को लेकर भाजपा विधायक और वरिष्ठ नेता अजय चंद्राकर ने कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में प्रशिक्षण देने वाले कई लोग अपने-अपने क्षेत्रों में खुद राजनीतिक रूप से सफल नहीं रहे हैं।अजय चंद्राकर ने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग खुद चुनावी और राजनीतिक सफलता हासिल नहीं कर पाए उनसे प्रशिक्षण लेने का औचित्य समझ से परे है। उन्होंने कांग्रेस की प्रशिक्षण प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसे महज औपचारिकता बताया। शक्कर के बढ़ते दामों को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर तंज कसते हुए पोस्टर जारी किया है। कांग्रेस ने इसे ‘डायबिटीज मुक्त भारत योजना’ बताते हुए सरकार पर निशाना साधा। वहीं भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस के पोस्टर पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जो परिस्थितियां हैं वह सबके सामने हैं और सरकार कीमतों पर नियंत्रण के लिए प्रयास कर रही है। चंद्राकर ने कांग्रेस नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें महंगाई की तथाकथित राजनीति छोड़कर मनुस्मृति पढ़नी चाहिए। सरगुजा में लिव-इन रिलेशन में रह रहे एक युवक की खून से लथपथ लाश मिलने से सनसनी फैल गई। गांधीनगर थाना क्षेत्र के सुभाष नगर में सरस्वती कॉलेज के पीछे किराए के मकान में युवक का शव मिला। मृतक की पहचान मोहन पैकरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब 10 वर्षों से अपनी प्रेमिका के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रहा था। घटना के बाद युवती ने भी अपना गला काट लिया जिसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवती के मुताबिक उसके प्रेमी ने खुद अपना गला काटा जिससे उसकी मौत हो गई। प्रेमी को खून से लथपथ देखकर डर के कारण उसने भी अपना गला काट लिया। हालांकि घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है जिसके बाद ही घटना की सच्चाई सामने आएगी। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के पेपर लीक मामले को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाए जाएंगे उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सीएम साय ने स्पष्ट किया कि पेपर लीक मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था की निष्पक्षता बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है।