शेयर बाजार में गिरावट: भारतीय शेयर बाजार में आज 11 अगस्त को दबाव देखने को मिल रहा है। सेंसेक्स 400 अंक से ज्यादा टूटकर 78100 के स्तर पर कारोबार कर रहा है जबकि निफ्टी करीब 150 अंक गिरकर 24450 के आसपास पहुंच गया है। बैंकिंग और FMCG शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली देखने को मिल रही है। वहीं निवेशकों के लिए मोलबायो डायग्नोस्टिक्स और धूत ट्रांसमिशन के IPO में पैसा लगाने का मौका है। दोनों IPO में 12 अगस्त तक निवेश किया जा सकता है। अडाणी को अमेरिकी कोर्ट से राहत: गौतम अडाणी के खिलाफ अमेरिका में चल रहा रिश्वत और धोखाधड़ी का मामला खारिज कर दिया गया है। ब्रुकलिन की अमेरिकी जिला अदालत के जज निकोलस गारौफिस ने अमेरिकी न्याय विभाग की केस खत्म करने की मांग को मंजूरी दे दी। अडाणी पर 2024 में भारतीय अधिकारियों को रिश्वत देने और अमेरिकी निवेशकों से धोखाधड़ी के आरोप लगाए गए थे। अडाणी ग्रुप ने इन आरोपों को लगातार खारिज किया था। कोर्ट के फैसले के बाद गौतम अडाणी ने सोशल मीडिया पर फैसले का स्वागत किया। वोडाफोन आइडिया का घाटा घटा: वोडाफोन आइडिया ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। अप्रैल से जून के बीच कंपनी का घाटा घटकर 3754 करोड़ रुपये रह गया जबकि पिछले साल इसी अवधि में घाटा 6608 करोड़ रुपये था। कंपनी के रेवेन्यू में भी करीब 6 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। बेहतर ARPU और 4G-5G ग्राहकों की संख्या बढ़ने से कंपनी के प्रदर्शन में सुधार आया है। कंपनी की 5G सेवा अब 200 से ज्यादा शहरों में लाइव हो चुकी है। एथेनॉल में गन्ने के इस्तेमाल पर लग सकती है रोक : देश में चीनी की बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने के लिए केंद्र सरकार एथेनॉल उत्पादन में गन्ने के इस्तेमाल को सीमित करने पर विचार कर रही है। अक्टूबर से शुरू होने वाले नए सीजन में यह फैसला लागू किया जा सकता है। सरकार का मकसद घरेलू बाजार में चीनी की सप्लाई बढ़ाना और कीमतों पर नियंत्रण करना है। मौजूदा समय में चीनी करीब 10 फीसदी महंगी हो चुकी है। अंतिम फैसला अगले महीने के अंत तक लिए जाने की संभावना है।