CM मोहन ने CMHO-तहसीलदार पटवारी को किया सस्पेंड मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को छिंदवाड़ा में प्रभारी CMHO एक तहसीलदार और हल्का नंबर-2 के पटवारी को सस्पेंड कर दिया। CM ने बताया- लगातार शिकायतें मिल रही थीं इसलिए कार्रवाई की गई। जनता की शिकायतों की अनदेखी करने वालों को सरकार बख्शेगी नहीं।CM ने जिन अधिकारी और कर्मचारियों को सस्पेंड किया है उनमें प्रभारी CMHO डॉ. नरेश गुन्नाड़े तहसीलदार सुनैना ब्रम्हे और पटवारी सिद्धांत साहू शामिल हैं। डॉ. नरेश गुन्नाड़े को सीमा तुमराम को प्रसूति सहायता राशि नहीं मिलने पर कार्रवाई की गई है। सीमा ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की थी।वहीं परासिया निवासी शिकायतकर्ता विनोद बंजारा की सीएम हेल्पलाइन शिकायत का लंबे समय तक निराकरण नहीं होने पर तहसीलदार सुनैना ब्रम्हे को निलंबित किया गया। साथ ही चौरई निवासी शिकायतकर्ता गोविंद नायक की सीएम हेल्पलाइन शिकायत का समय पर निराकरण नहीं करने पर पटवारी सिद्धांत साहू को निलंबित कर दिया गया। प्रत्येक शुक्रवार को दौरे पर रहेंगे अधिकारी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छिंदवाड़ा में जन विश्वास अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि विकास और जनकल्याण के लिए राज्य सरकार दूरगामी विजन के साथ कार्य कर रही है। आज छिंदवाड़ा से एक नई शुरुआत की जा रही है। अब प्रत्येक शुक्रवार को किसी भी दफ्तर में कोई मीटिंग नहीं होगी। सभी अधिकारी जनता के बीच मौजूद रहकर मैदानी स्तर पर शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन का जायजा लेंगे। जन विश्वास अभियान में आम नागरिकों की बेहतरी और उन्हें सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मैदानी स्तर पर आने वाली कठिनाईयों का समाधान किया जाएगा। अभियान आगामी 7 जनवरी 2027 तक चलेगा। प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति को लाभ दिलवाने और सुशासन के लिए यह मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान मील का पत्थर सिद्ध होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अधिकारियों-कर्मचारियों से जनता की सेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आहवान किया। बैरिकेड्स हटाने भोपाल में धरने पर बैठे व्यापारी भोपाल के मोती मस्जिद के ठीक सामने महीनों से लगे बैरिकेड्स को लेकर शुक्रवार को व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने दुकानें बंद कर दी और सड़क पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका गुस्सा इस बात का है कि बैरिकेड्स लगे होने से परेशानी हो रही है। बावजूद पुलिस इन्हें नहीं हटा रही। विरोध के चलते व्यापारियों ने चौक बाजार लखेरापुरा समेत आसपास के बाजार भी बंद रखे हैं। व्यापारी संघ अध्यक्ष अभिषेक जैन ने बताया कि प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा जब तक कि पुलिस बैरिकेड्स नहीं हटा दें। इससे पहले बुधवार को पुलिस और प्रशासन को रैली निकालकर चेतावनी दी गई थी। हाईकोर्ट में झूठा शपथपत्र दिया SDM ने मांगी माफी इंदौर में अवंतिका गैस पाइपलाइन विस्फोट मामले में शुक्रवार को हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। जूनी इंदौर के एसडीएम घनश्याम धनगर ने झूठे शपथ पत्र मामले में कोर्ट में माफी मांगी। उन्होंने कहा कि मुआवजे और इलाज के खर्च से जुड़ी जानकारी पेश करने में गलती हुई थी। एसडीएम ने हाईकोर्ट को भरोसा दिलाया कि हादसे में झुलसे सभी लोगों के इलाज का पूरा खर्च सरकार उठाएगी। इस पर कोर्ट ने मध्य प्रदेश सरकार और इंदौर नगर निगम को सभी पीड़ितों के बेहतर इलाज और उचित मुआवजे के निर्देश दिए। ग्वालियर में कांवड़ियों पर सरिये-हथौड़ों से हमला 20 लोगों पर FIR ग्वालियर में कांवड़ियों पर सरिये और हथौड़ों से हमला किया गया। घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए। इसके बाद लोगों ने थाने के बाहर करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद पुलिस ने 20 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की। हमले की घटना के बाद कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया। दतिया में 4 घंटे में 1.57 इंच बारिश दतिया में चार घंटे में 1.57 इंच बारिश हुई जिसके बाद स्कूलों में छुट्टी कर दी गई। दूसरी ओर रायसेन और सीधी में सड़कें पानी में डूब गईं। प्रदेश के 48 जिलों में बारिश नहीं होने से फसलों को नुकसान की स्थिति बनी हुई है। बारिश की कमी का असर खेती पर पड़ रहा है और किसान फसलों को लेकर चिंतित हैं।