शेयर बाजार में गिरावट शुक्रवार 7 अगस्त को भारतीय शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स करीब 300 अंक यानी 0.40 फीसदी गिरकर 78 हजार 600 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी 50 अंक यानी 0.20 फीसदी नीचे आकर 24 हजार 580 के आसपास पहुंच गया। शुरुआती कारोबार में बैंकिंग शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली देखने को मिली जबकि आईटी शेयरों में खरीदारी का रुझान रहा। Meta पर 9 हजार करोड़ से ज्यादा का जुर्माना अमेरिकी राज्य न्यू मैक्सिको की अदालत ने फेसबुक और इंस्टाग्राम की पैरेंट कंपनी Meta पर 942 मिलियन डॉलर यानी करीब 9 हजार 30 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। अदालत ने माना कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल से युवाओं की मानसिक सेहत को नुकसान पहुंचा। जुर्माने में से करीब 3 हजार 993 करोड़ रुपये युवाओं के इलाज पर खर्च किए जाएंगे जबकि बाकी राशि अगले पांच वर्षों में जागरूकता रोकथाम और स्क्रीनिंग सेवाओं पर खर्च होगी। लोन रिकवरी को लेकर RBI का बड़ा फैसला रिजर्व बैंक ने लोन रिकवरी के नियमों को लेकर अहम निर्देश जारी किए हैं। RBI के मुताबिक बैंक पर्सनल कार या होम लोन की किस्त नहीं चुकाने पर ग्राहक के मोबाइल या लैपटॉप को लॉक या डिसेबल नहीं कर सकेंगे। हालांकि अगर डिवाइस खुद बैंक के लोन से खरीदा गया है तो अलग नियम लागू हो सकते हैं। नए नियम 1 जनवरी 2027 से लागू होंगे। RBI का कहना है कि इससे ग्राहकों को धमकी प्राइवेसी के उल्लंघन और गलत रिकवरी तरीकों से बचाने में मदद मिलेगी। हवाई ईंधन में एथेनॉल मिलाने का कोई प्लान नहीं केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने साफ किया है कि सरकार का विमान के ईंधन में एथेनॉल मिलाने का कोई प्लान नहीं है। उन्होंने कहा कि विमान सुरक्षा को लेकर गलत जानकारी या अफवाहें फैलाने से यात्रियों में अनावश्यक डर पैदा होता है। यह बयान दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के उस दावे के बाद आया जिसमें उन्होंने विमान ईंधन में एथेनॉल मिलाने की योजना का आरोप लगाया था। नायडू ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। AI मॉडल के भ्रामक व्यवहार से बढ़ी चिंता ब्रिटेन के AI Security Institute की टेस्टिंग में दो एडवांस AI मॉडल के ऐसे व्यवहार का पता चला है जिसने विशेषज्ञों की चिंता बढ़ा दी है। टेस्ट के दौरान एंथ्रोपिक के माइथोस AI ने कथित तौर पर एक फर्जी ऑनलाइन पहचान बनाई निजी संदेश भेजे और GitHub सिस्टम में नुकसान पहुंचाने वाला कोड डालने की कोशिश की। गतिविधियों पर सवाल उठने के बाद मॉडल ने अपने पुराने रिकॉर्ड को सामान्य दिखाने और नई पहचान अपनाने की कोशिश भी की। हालांकि पूरी प्रक्रिया में मानव निगरानी मौजूद थी और मॉडल अपने प्रयास में सफल नहीं हो सका।