जबलपुर। शहर के आखरी रोड स्थित पारस टेंट हाउस की तीन मंजिला इमारत में सोमवार शाम करीब 5:30 बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि उसके काले धुएं का गुबार आसपास दो से तीन किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम की दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर यातायात को डायवर्ट किया आग की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की। महापौर जगत बहादुर सिंह अनु ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी ली जानकारी के अनुसार आग पारस टेंट हाउस की तीन मंजिला इमारत में लगी। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। जबलपुर। शहर में बेखौफ बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे अब आम नागरिकों के साथ-साथ सीधे शासन-प्रशासन को भी चुनौती दे रहे हैं। नया मामला विजयनगर क्षेत्र स्थित जीरो डिग्री के पास का है जहाँ चाय का टापरा चलाने वाले एक बुजुर्ग से बदमाशों ने मुफ्त में चाय-नाश्ता मांगने पर विवाद किया। बुजुर्ग द्वारा उधारी देने से मना करने पर बदमाशों ने “हम जेल काट कर आए हैं शासन-प्रशासन भी हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकता” कहते हुए खुलेआम जान से मारने की धमकी दी और मारपीट कर दी। हमले में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं। घटना के बाद पीड़ित का परिवार न्याय के लिए एसपी ऑफिस के चक्कर काटने को मजबूर है वहीं रोजी-रोटी का साधन बंद होने से परिवार के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। जबलपुर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जबलपुर महानगर द्वारा कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में मालवीय चौक पर एक भव्य एकत्रीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने देशभक्ति के उत्साह के साथ भारत माता की आरती उतारी और सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और युवा एकत्र हुए जिन्होंने हाथों में तिरंगा लेकर भारतीय सेना के सम्मान में जमकर नारेबाजी की। कार्यक्रम का उद्देश्य और संदेश ABVP जबलपुर महानगर मंत्री आर्यन पुंज ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज तक यह संदेश पहुंचाना है कि देश की युवा पीढ़ी भारतीय सेना के सम्मान और देशहित के लिए पूरी तरह तत्पर है। उन्होंने सेना विरोधी नरेटिव फैलाने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि युवा ऐसे भ्रम को ध्वस्त करने के लिए एकजुट हुए हैं। उन्होंने सभी देशवासियों से सेना के सम्मान और राष्ट्रहित में एकजुट होकर सहयोग करने का आह्वान किया। जबलपुर। शोभापुर स्थित काली माता मंदिर में अपनी नाबालिग बेटी के साथ दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालु कुंदन बिरहा ने मंदिर परिसर में अभद्रता झूठे आरोप और पैसों की मांग का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। शिकायत के अनुसार दर्शन के दौरान एक व्यक्ति और कुछ महिलाओं ने उनके चरित्र पर झूठे आरोप लगाए और विरोध करने पर पैसे न देने पर केस में फंसाने व बदनाम करने की धमकी दी। पीड़ित का दावा है कि उनके पास घटना का वीडियो साक्ष्य है। शिकायतकर्ता ने मंदिर के CCTV फुटेज सुरक्षित कर जांच करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। खितौला थाना क्षेत्र के इसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक में हुई डकैती मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। जबलपुर पुलिस ने बिहार एसटीएफ के सहयोग से गया निवासी 23 वर्षीय छोटू उर्फ सरमन मेहतो को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से डकैती का 350 ग्राम सोना अनुमानित कीमत 60 लाख और मुख्य आरोपी सुनील पासवान की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त देशी पिस्टल जब्त की गई है। 11 अगस्त 2025 को बदमाशों ने बैंक से 14.8 किलो सोना और 5 लाख नकद लूटे थे जिसके बाद यह सोना छुपाने और बेचने में छोटू मदद कर रहा था। पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर शेष माल और अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। शहर में दहशत फैलाने वाले 23 वर्षीय कुख्यात बदमाश लकी पटेल निवासी कछपुरा पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कार्रवाई कर उसे केंद्रीय जेल जबलपुर भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के प्रतिवेदन पर कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी राघवेन्द्र सिंह ने आरोपी के खिलाफ NSA वारंट जारी किया था। लार्डगंज थाना प्रभारी नवल आर्य के अनुसार लकी पटेल पर 2019 से हत्या के प्रयास अवैध वसूली और आर्म्स एक्ट जैसे 20 गंभीर अपराध दर्ज हैं। आरोपी क्षेत्र में आतंक फैलाने के लिए सोशल मीडिया पर हथियार चमकाते हुए रील्स भी पोस्ट करता था जिसके चलते सार्वजनिक सुरक्षा के हित में यह कठोर कदम उठाया गया है। जबलपुर के जिला अस्पताल विक्टोरिया में मरीजों को एक बड़ी सौगात मिली है जहाँ अत्याधुनिक 1.5 टेस्ला क्षमता वाले MRI सेंटर का लोकार्पण किया गया। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में इसका शुभारंभ किया जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक डॉ. अभिलाष पांडेय ने की। PPP मॉडल पर संचालित इस सेंटर से अब मरीजों को MRI जांच के लिए मेडिकल कॉलेज के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। सिविल सर्जन डॉ. नवीन कोठारी के अनुसार सामान्य मरीजों के लिए जांच शुल्क मात्र ₹1340 रखा गया है जबकि आयुष्मान भारत योजना के पात्र हितग्राहियों के लिए यह सुविधा पूरी तरह नि:शुल्क रहेगी। यह मेडिकल कॉलेज के बाद जिले का दूसरा सरकारी अस्पताल है जहाँ MRI सुविधा उपलब्ध कराई गई है।