इंदौर में विजयवर्गीय के घर के सामने दंपती का प्रदर्शन छात्रों को कीड़े और आंदोलन को प्रायोजित क्यों कहा इंदौर में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के घर के सामने बुधवार को दंपती ने प्रदर्शन किया। वे संविधान की कॉपी लेकर गेट के सामने खड़े हो गए। उनका कहना था कि विजयवर्गीय के हाल ही में दिए बयानों से वे आहत हैं।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। प्रदर्शन की अनुमति के बारे में पूछा तो पति-पत्नी बहस करने लगे। अधिकारियों ने दंपती को समझाइश दी लेकिन उन्होंने मंत्री के बंगले से हटने से इनकार कर दिया। इस पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया।खुद को सामाजिक कार्यकर्ता बताने वाले दंपती की पहचान प्रहलाद पाण्डेय और संगीता पाण्डेय के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। प्रहलाद पाण्डेय ने कहा कि मंत्री विजयवर्गीय ने कहा है कि NEET घोटाला प्रदेश का विषय नहीं है। उन्होंने छात्र आंदोलन को प्रायोजित बताया और छात्रों के संदर्भ में कीड़े जैसे अपमानजनक शब्द का प्रयोग किया। इससे युवाओं और अभिभावकों में गहरा आक्रोश है। इसी के कारण वे उनके घर के सामने प्रदर्शन करने आए हैं। अंधभक्त मत बनो भक्त बनो तो जीवन सुधरेगा धार जिले के बाग ब्लॉक के काकड़वा गांव में पदस्थ कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) किरण भाटिया ने मोदी सरकार और उनके समर्थकों पर टिप्पणी करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। इसमें वह जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन और सोनम वांगचुक का समर्थन तथा भाजपा का विरोध करती दिखीं।सरकारी कार्यालय में बनाए गए इस वीडियो पर भाजपा नेताओं ने आपत्ति जताई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमएचओ ने संबंधित सीएचओ को सेवा से बर्खास्त करने के लिए एनएचएम संचालक को पत्र लिखा है। बीजेपी का कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन भोपाल में बुधवार को बीजेपी विधायक और कार्यकर्ताओं ने भोपाल के रेड क्रॉस चौराहे पर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन दिल्ली में पीएम आवास पर राहुल गांधी के प्रदर्शन के विरोध में था। एक युवक प्रदर्शन में जोकर की ड्रेस में पहुंचा। उसने अपनी टी-शर्ट पर एक पोस्टर लगा रखा था। जिस पर देश का अपमान मेरा काम – राहुल गांधी लिखा था। भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस प्रदेश कार्यालय के सामने प्रदर्शन करने पहुंचे थे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता रेडक्रॉस चौराहे पर पहुंचे। करीब 10 मिनट तक विरोध प्रदर्शन करने के बाद कार्यकर्ता वापस लौट गए। मीडिया से चर्चा करते हुए हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि “अभी तो हम चेतावनी देने आए थे। अगर कांग्रेस नहीं सुधरी तो आगे और उग्र प्रदर्शन करेंगे।” काली पट्टी बांधकर विधानसभा पहुंचे कांग्रेस विधायक मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन सदन के भीतर और बाहर जबरदस्त सियासी ड्रामा देखने को मिला। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुई मारपीट और कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत कांग्रेस विधायक काली पट्टी बांधकर पहुंचे। स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा न मिलने से नाराज विपक्ष के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी। भाजपा विधायक संजय पाठक को हाईकोर्ट से राहत कटनी जिले के विजयराघवगढ़ से भाजपा विधायक एवं खनन कारोबारी संजय पाठक को जस्टिस विशाल मिश्रा को कॉल और मैसेज करने के मामले में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट से राहत मिल गई है।कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश विवेक रूसिया की खंडपीठ ने आपराधिक अवमानना मामले में उनका बिना शर्त माफीनामा स्वीकार करते हुए उन्हें चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा नहीं बननी चाहिए। कोर्ट ने माना कि इस घटनाक्रम से न्यायिक प्रक्रिया में कोई बाधा उत्पन्न नहीं हुई। पश्चिम रेलवे ने इंदौर को अनाथ समझ लिया पूर्व लोकसभा अध्यक्ष और इंदौर की पूर्व सांसद सुमित्रा महाजन (ताई) का एक पत्र सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद शहर की राजनीति गरमा गई है। पश्चिम रेलवे की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए लिखे गए इस पत्र में ताई ने रेलवे पर इंदौर की उपेक्षा का आरोप लगाया है। वहीं कांग्रेस ने इस पत्र को मुद्दा बनाते हुए भाजपा सांसद और सरकार पर निशाना साधा है। 20 जुलाई को लिखे इस पत्र में सुमित्रा महाजन ने रेलवे अधिकारी रामश्रय पांडे को संबोधित करते हुए लिखा कि उन्हें अत्यंत खेद के साथ यह पत्र लिखना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि पश्चिम रेलवे ने इंदौर को अनाथ समझ लिया है। नई यात्री ट्रेनें शुरू करने के बजाय अन्य रेलवे जोनों के प्रस्ताव भी ठंडे बस्ते में डाल दिए गए हैं। एमपी के 35 से ज्यादा जिलों में बारिश प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर जारी है। 24 घंटे में 35 से ज्यादा जिलों में बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 4.2 इंच बारिश नर्मदापुरम में हुई। मौसम विभाग ने 24 से 48 घंटे तक कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।