लाइनमेन नहीं 36 वीं बटालियन सहित आधा दर्जन गांव की बिजली व्यवस्था ठप वृद्धा और दिव्यांग पेंशन बढ़ाने की मांग कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन डबल मनी के लालच में खूनी साजिश : अंधविश्वास में बुजुर्ग महिला पर हमला जिले के विद्युत वितरण केंद्र सरेखा-2 के बेहरई मुख्यालय में पिछले एक महीने से लाइनमेन का पद रिक्त होने के कारण बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से 36वीं बटालियन सहित आधा दर्जन गांवों के ग्रामीणों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को ग्राम पंचायत कनकी के सरपंच और ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे तथा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जल्द लाइनमेन की नियुक्ति की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में आए दिन बिजली गुल हो जाती है और घरेलू कनेक्शनों की खराबी भी समय पर ठीक नहीं हो पा रही। उन्होंने मांग की कि क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए तत्काल दो लाइनमेन की पदस्थापना की जाए। आवश्यक वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों के बीच कांग्रेस कमेटी झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ ने वृद्ध और दिव्यांगजनों की पेंशन बढ़ाने की मांग उठाई है। मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में वृद्धा पेंशन 600 रुपये प्रतिमाह से बढ़ाकर 1200 रुपये किए जाने की मांग की गई। प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने कहा कि मौजूदा पेंशन राशि महंगाई के दौर में बेहद कम है और इससे बुजुर्गों का जीवनयापन मुश्किल हो गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पेंशन हर महीने समय पर नहीं मिलती बल्कि कई बार तीन-तीन महीने बाद एक साथ भुगतान किया जाता है। इससे वृद्ध और दिव्यांग लाभार्थियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। संगठन ने सरकार से पेंशन राशि बढ़ाने और समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है। जिले के किरनापुर में डबल मनी के लालच और अंधविश्वास ने एक सनसनीखेज वारदात को जन्म दिया। ग्राम कलकत्ता में आधी रात एक बुजुर्ग महिला पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया। पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए महज 48 घंटे के भीतर घटना का खुलासा कर 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जबकि 2 आरोपी अभी फरार हैं। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल दो चाकू और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। एसपी आदित्य मिश्रा ने बताया कि पूछताछ में मुख्य आरोपी ने पूरे गिरोह का खुलासा किया। जांच में सामने आया कि आरोपियों को अंधविश्वास के चलते घर में डबल मनी योजना की बड़ी रकम गड़ी होने की जानकारी मिली थी। इसी लालच में उन्होंने बुजुर्ग महिला पर हमला कर दिया। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। एथेनॉल प्लांट के नाम पर सरकारी चावल की कथित हेराफेरी मामले में एसआईटी ने बड़ी कार्रवाई की है। एवीजे एथेनॉल प्लांट बोरगांव के संचालक सहित 13 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। अब तक 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। एसपी आदित्य मिश्रा के अनुसार मामला 5429 मीट्रिक टन सरकारी चावल के कथित घोटाले से जुड़ा है। जांच के तहत 8 राइस मिलर्स को नोटिस जारी किए गए हैं और 100 से अधिक लोगों से पूछताछ की जा रही है। पूरे मामले की जांच एसआईटी की 30 सदस्यीय टीम कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।