मध्यप्रदेश में मानसून का असर खतरे वाले पर्यटन स्थलों पर जाना बैन मध्यप्रदेश में मानसून का असर बढ़ने लगा है। गुरुवार को कई जिलों में बारिश हुई शाजापुर में आकाशीय बिजली गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई जबकि इंदौर में जोखिम वाले पर्यटन स्थलों पर 22 अगस्त तक प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया। मौसम विभाग ने 46 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले 2 से 3 दिन में मानसून पूरे प्रदेश को कवर कर लेगा।इससे पहले बुधवार को प्रदेश के 15 जिलों में मानसून ने दस्तक दी थी। छिंदवाड़ा समेत सीमावर्ती जिलों में पिछले 24 घंटे के दौरान हुई अच्छी बारिश और दक्षिण-पश्चिम से आ रही नमी वाली मानसूनी हवाओं के आधार पर इसकी आधिकारिक घोषणा की गई थी। बुजुर्गों और असहाय लोगों का आदर करना हमारा धर्म मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि घर में बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद होना तपती धूप में ठंडी छांव के समान होता है। हमारी संस्कृति में बुजुर्गों असहायों और समाज के सबसे कमजोर वर्ग को आदर देना केवल कर्तव्य नहीं बल्कि हमारा धर्म माना गया है। राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिंगल क्लिक से सामाजिक सुरक्षा पेंशन वितरण के लिए मंत्रालय में आयोजित कार्यक्रम में यह बात कही। कार्यक्रम से विभिन्न जिलों के हितग्राही वर्चुअली जुड़े। कार्तिकेय ने अदालत से कहा कि राहुल गांधी खेद जता चुके लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कार्तिकेय सिंह चौहान के बीच चल रहे मानहानि मामले में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। कार्तिकेय ने अदालत से कहा कि राहुल गांधी खेद जता चुके हैं इसलिए याचिका निरस्त की जाए। राहुल गांधी ने कहा कि पनामा पेपर मामले में उन्होंने भ्रमवश कार्तिकेय का नाम लिया था। मामले में दोनों पक्षों की दलीलें पूरी होने के बाद हाईकोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया है। रिलीव से पहले ₹1 लाख रिश्वत लेते दो अधिकारी गिरफ्तार उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने गुरुवार दोपहर नीमच कलेक्टर कार्यालय परिसर स्थित आदिम जाति कल्याण विभाग के कार्यालय में कार्रवाई की। टीम ने विभाग के जिला संयोजक राकेश राठौर और छात्रावास अधीक्षक हरीश चौहान को ₹1 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। दोनों अधिकारियों पर मनासा विकासखंड के कुकड़ेश्वर स्थित शासकीय कन्या छात्रावास की सस्पेंड अधीक्षिका कर्दुला इक्का से रिश्वत मांगने का आरोप है। MP के कर्मचारियों को 300 EL का मिलेगा पैसा मध्य प्रदेश सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के लिए लीव इनकैशमेंट राशि को लेकर आदेश जारी किया है। अब कर्मचारी रिटायरमेंट या ड्यूटी के दौरान मौत की स्थिति में मिलने वाली छुट्टी लीव इनकैशमेंट राशि का अनुमान खुद लगा सकेंगे। वित्त विभाग ने सभी विभागों कार्यालयों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किया है।इसके साथ ही किसी भी कर्मचारी को अधिकतम 300 दिनों के अर्जित अवकाश (ईएल) का नकदीकरण लाभ दिया जाएगा। अगर किसी कर्मचारी के खाते में 300 दिनों से अधिक ईएल मौजूद है तब भी भुगतान केवल 300 दिनों तक ही सीमित रहेगा। SPS के 9 अफसरों को IPS बनाने हुई DPC मध्य प्रदेश के 9 राज्य पुलिस सेवा के अफसरों को आईपीएस अवार्ड करने डीपीसी मीटिंग हो गई है।गृह विभाग के प्रस्ताव पर संघ लोक सेवा आयोग के सदस्य संजय वर्मा की मौजूदगी में डीपीसी बैठक में नामों के सिलेक्शन को मंजूरी दी गई है।साथ ही राजेश मिश्रा और संदीप मिश्रा की पदोन्नति भी अटकने की संभावना जताई जा रही है। वहीं दो अन्य अधिकारी सिलेक्शन दौड़ से बाहर बताए जा रहे हैं। सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार पर FIR रतलाम में बिना अनुमति के प्रदर्शन करने पर सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशु निनामा समेत 4 लोगों पर गुरुवार को एफआईआर दर्ज की है। यह सभी लोग बुधवार को कलेक्ट्रेट के बाहर सिटी फोरलेन पर प्रदर्शन करने बैठे थे। उत्तराखंड में NEET की छात्रा ने सुसाइड किया उत्तराखंड में NEET की छात्रा ने सुसाइड कर लिया। घटना हल्द्वानी की है। मृतका की पहचान अंजलि जाटव के रूप में हुई है जो मध्य प्रदेश की रहने वाली थी। 19 वर्षीय अंजलि ने पीजी के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना मुखानी थाना क्षेत्र की है। पॉश कॉलोनी में चल रही थी नकली शराब की फैक्ट्री इंदौर के पॉश कॉलोनी तुलसी नगर क्षेत्र में आबकारी विभाग ने अवैध शराब निर्माण के बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। तीन दिनों तक गोपनीय निगरानी और रैकी के बाद विभाग ने एक तीन मंजिला भवन पर दबिश देकर वहां संचालित अवैध शराब फैक्ट्री का खुलासा किया। कार्रवाई में 144 बल्क लीटर शराब के साथ भारी मात्रा में नकली लेबल होलोग्राम पैकेजिंग सामग्री और शराब निर्माण में उपयोग होने वाले उपकरण जब्त किए गए हैं।