139 करोड़ से सिंहस्थ के पहले बनेगा सांदीपनि लोक उज्जैन में श्रीमहाकाल महालोक के बाद अब भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली सांदीपनि आश्रम में 5 हेक्टेयर क्षेत्र में सांदीपनि लोक बनने जा रहा है। मोहन सरकार इसके लिए 139 करोड़ रुपए खर्च कर इसे सिंहस्थ कुम्भ से पहले तैयार करने की योजना बना चुकी है। यह वही स्थान है जहां पर भगवान श्रीकृष्ण ने बलराम और सुदामा के साथ 16 विद्या और 64 कलाओं का ज्ञान अर्जित किया था। जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भिड़े दो सगे भाई मध्य प्रदेश के सागर जिला अस्पताल से एक बेहद शर्मनाक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां मंगलवार देर रात आइसोलेशन वार्ड में भर्ती एक महिला के दो बेटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि एक भाई ने दूसरे को जमीन पर पटक-पटक कर पीटा। इस दौरान वार्ड में चीख-पुकार मच गई और वहां भर्ती अन्य मरीजों व उनके परिजनों में दहशत फैल गई। चौंकाने वाली बात यह रही कि इस हंगामे के दौरान मौके पर न तो कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद था और न ही अस्पताल का कोई कर्मचारी बीच-बचाव करने पहुंचा। सिवनी-जबलपुर मार्ग पर कांग्रेस विधायक की कार में लगी आग सिवनी-जबलपुर मार्ग पर सड़क पर अचानक गाय आ जाने से लखनादौन कांग्रेस विधायक योगेंद्र सिंह बाबा की कार अनियंत्रित होकर स्कूल की बाउंड्री वॉल से टकरा गई और उसमें आग लग गई। कार अंदर से लॉक हो गई थी लेकिन स्थानीय लोगों ने विधायक चालक और गनमैन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। चालक और गनमैन घायल हुए हैं। पेपर दोबारा करा लोगे बेटी लौटा पाओगे? “पेपर तो दोबारा करा लोगे लेकिन मेरी बेटी को लौटा पाओगे क्या?... वो आज भी मेरी आंखों के सामने खड़ी हो जाती है। कहती है- मां मुझे माफ कर देना। मैं डॉक्टर नहीं बन पाई। आपके और पापा के सपने पूरे नहीं कर पाई। मेरी बच्ची का क्या कसूर था? क्या गरीब परिवार में जन्म लेकर डॉक्टर बनने का सपना देखना ही उसका गुनाह था?” यह कहते-कहते नीलम चतुर्वेदी फफक पड़ती है। शब्द गले में अटक जाते हैं। आंसू रुकने का नाम नहीं लेते। नीट पेपर लीक मामले के बाद नागपुर में सुसाइड करने वाली मऊगंज की छात्रा आकांक्षा चतुर्वेदी के घर में 11 दिन बाद भी मातम पसरा हुआ है। एमपी में प्री-मानसून एक्टिव 39 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री 20 जून के बाद होने की संभावना है लेकिन उससे पहले प्री-मानसून एक्टिविटी हो रही हैं। बुधवार को प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में मौसम का मिजाज बदला रहा जबकि गुरुवार को 39 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने नीमच श्योपुर मुरैना टीकमगढ़ और छतरपुर में ओलावृष्टि के साथ 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। भोपाल में सुबह से बादल छाए हैं। कई इलाकों में तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हुई। इसके अलावा रायसेन सीहोर और नर्मदापुरम में भी बारिश हुई। उज्जैन जबलपुर सागर और रीवा संभाग के 33 जिलों में 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश की संभावना जताई गई है।मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वर्तमान में ट्रफ लाइन और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में बारिश और आंधी का दौर बना हुआ है। इसी कारण इस बार मानसून की दस्तक सामान्य तिथि 15 जून की बजाय 20 से 22 जून के बीच होने का अनुमान है।