Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
03-Jun-2026

जबलपुर । माढ़ोताल थाना क्षेत्र के चुंगी नाका स्थित एक शराब दुकान में एमआरपी से अधिक पैसे वसूलने का विरोध करने पर युवक को बंधक बनाकर पीटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार के मुताबिक ऋषि नगर निवासी अमित यादव ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनका चचेरा भाई आकाश यादव दुकान पर बियर लेने गया था। प्रिंट रेट से ज्यादा कीमत मांगे जाने का विरोध करने पर कर्मचारियों ने उसका मोबाइल छीन लिया। जब अमित बीच-बचाव और बातचीत करने दुकान पहुंचा तो संचालक के इशारे पर कर्मचारियों ने दोनों भाइयों को दुकान के अंदर कमरे में खींच लिया। आरोपियों ने उन्हें बंधक बनाकर लाठी डंडों और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा जिससे दोनों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जबलपुर । स्नेह नगर में एक नए और आधुनिक आधार सेवा केंद्र का उद्घाटन किया गया है जिससे अब स्थानीय नागरिकों को कार्ड में सुधार और अन्य सेवाओं के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। इस केंद्र पर नाम पता जन्मतिथि और मोबाइल नंबर अपडेट करने जैसी समस्याओं का त्वरित समाधान मिलेगा। उद्घाटन के अवसर पर गणमान्य नागरिकों ने अभिभावकों से अपील की कि वे 5 से 7 वर्ष और 15 से 17 वर्ष की आयु के बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट अनिवार्य रूप से कराएं। उन्होंने बताया कि बढ़ती उम्र के साथ बच्चों के फिंगरप्रिंट्स बदलते हैं इसलिए समय पर अपडेट न कराने पर भविष्य में एडमिशन सरकारी योजनाओं का लाभ लेने या विदेश यात्रा के दौरान दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। जबलपुर । सदर स्थित मंजुषा मैटरनिटी नर्सिंग होम में डॉक्टरों की कथित लापरवाही के कारण एक 9 माह की गर्भवती महिला फिरदौस नाज और उनके अजन्मे बच्चे की मौत का गंभीर मामला सामने आया है। मृतका के परिजन बिलाल शाह का आरोप है कि प्रसव पीड़ा होने पर महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहाँ ऑपरेशन के दौरान बड़ा चीरा लगने से भारी रक्तस्राव शुरू हो गया। स्थिति बिगड़ने पर अस्पताल प्रबंधन ने पल्ला झाड़ लिया जिसके बाद परिजन उन्हें मेडिकल अस्पताल ले गए जहाँ डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर क्रूर व्यवहार करने और इलाज के दस्तावेज़ न देने का भी आरोप लगाया है। इस मामले में आज एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा को पुलिस अधीक्षक के नाम एक ज्ञापन सौंपकर अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज और फाइलें ज़ब्त कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। वर्ष 2028 में आयोजित होने वाले आगामी सिंहस्थ महापर्व को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जबलपुर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी सिलसिले में पुलिस लाइन स्थित सामुदायिक भवन में पुलिस बल के लिए 6 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य आगामी सिंहस्थ मेले के दौरान जुटने वाली भारी भीड़ का कुशल प्रबंधन कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना यातायात को सुचारू रखना और किसी भी आपातकालीन स्थिति या आपदा से प्रभावी ढंग से निपटना है।प्रशिक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के उपयोग चेकिंग संदिग्धों की निगरानी और वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से व्यावहारिक और तकनीकी गुर सिखाए जा रहे हैं। पुलिस विभाग के आला अधिकारियों के अनुसार सिंहस्थ 2028 जैसे विशाल धार्मिक समागम में देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए जबलपुर जिले के पूरे पुलिस बल को चरणबद्ध तरीके से लगातार प्रशिक्षित किया जाएगा ताकि जवान हर परिस्थिति का कुशलतापूर्वक सामना कर सकें। जबलपुर । शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा आज टाउन हॉल स्थित गांधी भवन में एक विशेष चौपाल का आयोजन कर मुख्यमंत्री के बयान का विरोध किया गया। कांग्रेस के नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा और नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा ने बताया कि पिछले दिनों एक सभा के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा कांग्रेस पर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में यह कदम उठाया गया है। कांग्रेसियों ने गांधीवादी और शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री के बयान की कड़े शब्दों में निंदा की और अपना रोष प्रकट किया। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान शहर कांग्रेस कमेटी के तमाम वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। जबलपुर । जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 3 पर चलती इंटरसिटी एक्सप्रेस से समय एक यात्री गंभीर हादसे का शिकार हो गया। सुबह करीब 11:20 बजे शहडोल निवासी हरिओम अचानक ट्रेन के इंजन के सामने लेट गया जिससे वह ट्रेन और ट्रैक के बीच में आ गए। इस दर्दनाक हादसे में उनका बायां पैर घुटने के नीचे से कट गया और दाएं पैर में भी गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंचे आरपीएफ और कमर्शियल स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए एम्बुलेंस बुलाई और प्राथमिक उपचार के बाद घायल यात्री को गंभीर हालत में इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया है।