उत्तरी अमेरिका के सबसे ऊंचे ज्वालामुखी पर फहराया तिरंगा मध्यप्रदेश की प्रसिद्ध पर्वतारोही और माउंट एवरेस्ट विजेता ज्योति रात्रे ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का परचम लहराया है। ज्योति ने 30 मई 2026 को मैक्सिको स्थित पिको डी ओरिजाबा की 5636 मीटर (18491 फीट) ऊंची चोटी पर सफलतापूर्वक तिरंगा फहराकर नया इतिहास रच दिया। इस उपलब्धि के साथ वे उत्तरी अमेरिका के सबसे ऊंचे ज्वालामुखी पर तिरंगा फहराने वाली भारत की सबसे वरिष्ठ महिला बन गई हैं। साथ ही वे तीन महाद्वीपों के सबसे ऊंचे ज्वालामुखियों पर चढ़ाई करने वाली भारत की सबसे वरिष्ठ महिला पर्वतारोही भी बन चुकी हैं। खास बात यह है कि मध्यप्रदेश से अब तक कोई भी पर्वतारोही इस शिखर तक नहीं पहुंच पाया था। जिप्सी देख दहाड़ते हुए दौड़ी रॉ बाघिन बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के खितौली जोन में पर्यटकों को जंगल सफारी के दौरान बाघिन के आक्रामक व्यवहार का सामना करना पड़ा। बाघिन रॉ अचानक पर्यटक जिप्सी के सामने आ गई और उस पर झपटने का प्रयास किया। घटना मंगलवार को सामने आए एक वीडियो में कैद हुई है। जिप्सी को देखते ही बाघिन रॉ आक्रामक हो गई और जोरदार दहाड़ लगाते हुए वाहन की ओर झपटने दौड़ी। घटना खितौली जोन के हाथी कैंप के पास हुई। बाघिन के उग्र तेवर देख सफारी वाहन चालक ने तुरंत जिप्सी को पीछे कर लिया। कुछ देर तक दहाड़ने के बाद बाघिन जंगल की ओर लौट गई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है जिसमें बाघिन का आक्रामक रूप स्पष्ट दिखाई दे रहा है। गर्भवती दुष्कर्म पीड़िता को गर्भपात की अनुमति नहीं मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने दुष्कर्म से गर्भवती हुई 16 साल की नाबालिग को 31 सप्ताह के गर्भ का गर्भपात कराने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। कोर्ट ने कहा कि गर्भ में पल रहे शिशु का विकास ऐसे स्तर पर पहुंच चुका है जहां गर्भपात की अनुमति देना उसके जीवन को समाप्त करने के समान होगा। साथ ही चिकित्सकीय रिपोर्ट के अनुसार गर्भसमापन से किशोरी की जान को भी गंभीर खतरा हो सकता है। जस्टिस विवेक जैन की वेकेशन बेंच ने याचिका खारिज करते हुए राज्य सरकार को निर्देश दिया कि पीड़िता के उपचार प्रसव और बच्चे की देखभाल की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा मौत मामला राजधानी की ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच के दौरान आरोपी समर्थ और उसकी मां पूर्व जज गिरिबाला सिंह ने अपने ऊपर लगे मारपीट और साक्ष्यों से छेड़छाड़ के आरोपों को खारिज कर दिया है। दोनों का दावा है कि ट्विशा के साथ उनके संबंध सामान्य और सौहार्दपूर्ण थे। सीबीआई उनके बयानों का उपलब्ध साक्ष्यों से मिलान कर रही हैं। पूरे घटनाक्रम का सोमवार दोपहर रीक्रिएशन भी किया जा चुका है। जब्त साक्ष्यों का परीक्षण कराया जा रहा है। आज रिमांड खत्म हो रहा है और दोनों को कोर्ट में पेश किया जा सकता है। एमपी में ओले-बारिश से 5 डिग्री से ज्यादा गिरा तापमान नौतपा में लगातार 8 दिन से मध्य प्रदेश में आंधी बारिश के साथ ओले गिर रहे हैं। इस वजह से हीटवेव (लू) का असर खत्म हो गया है और न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री से ज्यादा की गिरावट हुई है। मंगलवार को नौतपा का आखिरी दिन है। इस दिन 45 जिलों में मौसम बदला रहेगा। IMD (मौसम केंद्र) भोपाल के अनुसार मंगलवार को धार-बड़वानी में भारी बारिश-ओलावृष्टि के साथ 60Km प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चलेगी। वहीं आगर-मालवा और राजगढ़ में ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है।