यूपी-बिहार में आंधी-बारिश से 48 मौतें देश में गर्मी के बीच 15 से ज्यादा राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बिहार में पिछले 24 घंटे में आंधी-बारिश और बिजली गिरने से 17 लोगों की मौत हुई है। पटना में बारिश के चलते 4 फ्लाइट डायवर्ट की गईं जबकि 18 फ्लाइट लेट रहीं। इससे करीब 500 से ज्यादा यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। आज प्रदेश के 25 जिलों में बारिश की संभावना है। उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में आंधी-तूफान की वजह से 31 लोगों की मौत हो गई है। सहारनपुर में भारी बारिश के बाद पहाड़ी से तेज बहाव के साथ पानी नीचे आ गया। इससे इनोवा-ट्रैक्टर समेत 10 गाड़ियां बह गईं। आज भी सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट है। राजस्थान में शनिवार को 30 जिलों में आंधी के साथ ओले गिर सकते हैं। एक दिन पहले चूरू हनुमानगढ़ बीकानेर सीकर समेत 9 जिलों में तापमान 10 डिग्री तक गिर गया। पंजाब के पठानकोट में शनिवार सुबह ओले गिरे हैं। वहीं मोहाली में तेज बारिश हुई। देश में घरेलू हिंसा दर 29.2% से घटकर 22.3% हुई नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे 2023-24 (NFHS-6) की रिपोर्ट शुक्रवार को जारी हो गई। रिपोर्ट के मुताबिक महिलाओं में मोटापा साल 2019-21 के मुकाबले 7% बढ़ गया। देश में घरेलू हिंसा की दर 29.2% से घटकर 22.3% पर आ गई है। वहीं बाल विवाह का कुल आंकड़ा 23.3% से घटकर 20.1% रह गया है। कामकाजी महिलाएं 30.8% तक पहुंच गईं जो पहले 25.4% थीं। वहीं निजी अस्पतालों में होने वाली सिजेरियन डिलीवरी 54.1% के रिकॉर्ड स्तर पर है। शुरुआती 6 महीनों तक शिशुओं को ‘केवल स्तनपान’ कराने की दर 63.7% से गिरकर 55.8% पर आ गई है। 98.3% घरों में बिजली और 96.5% घरों में साफ पानी पहुंच चुका है। महिलाओं में इंटरनेट का उपयोग दोगुना होकर 64.3% पर पहुंच गया है। कर्नाटक में आज विधायक दल की बैठक कर्नाटक में आज शाम 4 बजे विधायक दल की बैठक होगी। डिप्टी CM डीके शिवकुमार को नेता चुना जा सकता है। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक डीके 1 जून को नए मंत्रियों के साथ सीएम पद की शपथ ले सकते हैं। 4 डिप्टी CM भी बनाए जा सकते हैं। CM सिद्धारमैया ने 28 मई को इस्तीफा दिया था। इस्तीफा देने के एक दिन बाद ही सिद्धारमैया शुक्रवार को दिल्ली पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की। ईरान को ₹25 लाख करोड़ रीकंस्ट्रक्शन फंड मिलेगा अमेरिका और ईरान के बीच प्रस्तावित 60 दिन के युद्धविराम समझौते की शर्तों में ईरान के लिए 300 अरब डॉलर यानी करीब 25 लाख करोड़ रुपए के फंड और अमेरिकी कंपनियों के निवेश का प्रस्ताव शामिल है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक एक ईरानी अधिकारी ने इसे रीकंस्ट्रक्शन प्रोग्राम बताया। उन्होंने कहा कि अंतिम समझौते पर हस्ताक्षर होने पर ईरान को यह आर्थिक मदद देने का वादा किया जाएगा। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि दोनों पक्ष परमाणु कार्यक्रम पर सहमति के करीब पहुंच गए हैं। ईरान परमाणु हथियार नहीं बनाएगा और उसके एनरिच्ड यूरेनियम को नष्ट किया जाएगा। हालांकि ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघई ने इस दावे को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि परमाणु मुद्दे पर कोई बातचीत नहीं हो रही है। साथ ही ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी ने भी सूत्रों के हवाले से बताया कि समझौते के ड्राफ्ट में परमाणु सामग्री को नष्ट करने जैसी कोई शर्त शामिल नहीं है। अमेरिका में 250 डॉलर के नोट पर ट्रम्प की तस्वीर अमेरिका में डोनाल्ड ट्रम्प की तस्वीर वाले 250 डॉलर के नोट को जारी करने की तैयारी शुरू हो गई है। ट्रम्प सरकार का कहना है कि अगर कांग्रेस (संसद) कानून बदल देती है तो नया नोट छापने का रास्ता साफ हो जाएगा। अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने बताया कि अभी अमेरिका में एक नियम है जिसके तहत किसी जीवित व्यक्ति की तस्वीर नोट पर नहीं छापी जा सकती। इसी नियम में बदलाव की कोशिश चल रही है। अगर प्रस्ताव पास हो जाता है तो ट्रम्प अमेरिकी नोट पर छपने वाले 150 साल से ज्यादा समय बाद पहले जीवित व्यक्ति होंगे।