Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
22-Apr-2026

​जबलपुर: धनवंतरी चौराहे पर बीती रात एक नशे में धुत कार चालक ने कहर बरपाते हुए कई मोटरसाइकिल सवारों को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक पूरी तरह नशे में था और वाहन पर उसका नियंत्रण नहीं था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में पता चला है कि वाहन कटौंदा निवासी अमित चौधरी के नाम पर दर्ज है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। जबलपुर: अमृत योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के कार्य के कारण मुख्य मार्ग के साथ-साथ अब सेंट्रल जेल का वैकल्पिक रास्ता भी बंद कर दिया गया है। इससे रांझी और कांचघर क्षेत्र के नागरिकों को कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर काटना पड़ रहा है। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने मौके का निरीक्षण किया और जेल प्रशासन से समन्वय कर मार्ग को जल्द खुलवाने के निर्देश दिए। उन्होंने ठेकेदारों को कार्य में तेजी लाने को कहा है ताकि जनता को धूल और लंबे डायवर्जन से राहत मिल सके। घमापुर और कांचघर क्षेत्र में बढ़ते महिला अपराधों और छेड़छाड़ की घटनाओं पर कांचघर चुंगी चौकी व्यापारी संघ ने नाराजगी जताई है। संघ ने CSP के नाम ज्ञापन सौंपकर अपराधियों और उन्हें संरक्षण देने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि घटनाओं से महिलाओं और बालिकाओं में भय का माहौल है। अध्यक्ष जगन्नाथ पिल्ले ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व दुष्कर्म पीड़िता की पहचान उजागर कर रहे हैं और उनके परिवार के खिलाफ भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। जल्द कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर केंद्र की भाजपा सरकार पर महिला आरक्षण बिल के नाम पर महिलाओं के साथ छल का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यह बिल केवल चुनावी लाभ के लिए लाया गया दिखावा है जिसमें महिलाओं को वास्तविक राजनीतिक हिस्सेदारी नहीं दी जा रही। घनघोरिया ने राहुल गांधी के संसद वक्तव्य का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में सशक्त बनाने की पक्षधर रही है। उन्होंने मांग की कि महिलाओं को बिना शर्त और देरी के अधिकार दिए जाएं। युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी कि वे इन नीतियों को जनता के बीच उजागर करेंगे। जुआ और सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में हनुमानताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। नगर पुलिस अधीक्षक एम.डी. नागोतिया के नेतृत्व में टीम ने आंगनबाड़ी केंद्र के पास मैदान में दबिश देकर ताश पर दांव लगाते आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा। मौके से ताश की गड्डी और 50300 रुपये नकद जब्त किए गए। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना हनुमानताल में जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी खटीक मोहल्ला और आसपास के निवासी बताए गए हैं। कार्रवाई में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संत निरंकारी मण्डल ब्रांच जबलपुर द्वारा गोलबाजार स्थित सत्संग भवन में 26वां ऐतिहासिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता जी के आशीर्वाद से आयोजित इस शिविर में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 207 यूनिट रक्तदान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पुष्पराज पटेल ने किया जबकि कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने भी उपस्थित होकर रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया। “मानव एकता दिवस” के अवसर पर आयोजित शिविर में मानवता का संदेश दिया गया। रक्त संग्रह में मेडिकल कॉलेज एल्गिन विक्टोरिया अस्पताल व ब्लड बैंक की टीमों ने सहयोग दिया। पाटन थाना क्षेत्र के टिमरी गांव में चोरों ने एक किसान के गैराज से नया ट्रैक्टर चोरी कर लिया। किसान नरेंद्र साहू ने दो ट्रैक्टर घर के बाहर खड़े किए थे जिनमें से अज्ञात बदमाश रात में ‘जॉन डियर’ ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित किसान ने चोरों का सुराग देने वाले को 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की। थाना प्रभारी गोपेंद्र सिंह राजपूत के अनुसार सीसीटीवी के आधार पर जांच जारी है और ट्रैक्टर की लोकेशन मंडला रोड की ओर मिली है। जल्द खुलासा होने का दावा किया गया है। जबलपुर के अधारताल क्षेत्र में घरेलू कामगार युवती के साथ मारपीट और आर्थिक शोषण का मामला सामने आया है। पीड़िता पूनम बर्मन की बहनों ने एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कर न्याय की मांग की है। आरोप है कि नियोक्ता अंजू पाण्डे ने पूनम के बैंक खाते से करीब 6.30 लाख रुपये निकलवा लिए। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की गई। परिजनों के अनुसार लंबे समय से उसे दबाव में रखकर पैसों के लिए परेशान किया जा रहा था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में गोसलपुर पुलिस ने होटल विरासत स्पा सेंटर में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ किया। मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी गाजीवती पुसाम के नेतृत्व में पंटर भेजकर योजनाबद्ध दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान काउंटर से चिन्हित नोट मोबाइल फोन और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। एक कमरे में संदिग्ध हालत में मिले लोगों से पूछताछ के बाद होटल संचालक और एक ग्राहक को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।