इंदौर में PWD के 3 अफसर रिश्वत लेते पकड़ाए इंदौर में लोक निर्माण विभाग (PWD) के तीन अधिकारी मंगलवार को रिश्वत लेते हुए पकड़ाए हैं। पकड़े गए अधिकारियों के नाम जयदेव गौतम (कार्यपालन यंत्री संभाग-1 इंदौर) टीके जैन (अनुविभागीय अधिकारी पीडब्ल्यूडी संभाग-1) और अंशु दुबे (उपयंत्री संभाग-1 इंदौर) हैं।लोकायुक्त टीम ने आरोपी जयदेव गौतम को उनके शासकीय निवास से 1.50 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। जबकि टीके जैन को कार्यालय परिसर के पोर्च के नीचे से 1 लाख रुपए लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। जस्टिस को फोन मामले में संजय पाठक हाईकोर्ट में पेश हाईकोर्ट जस्टिस को फोन करने के मामले पर भाजपा विधायक संजय पाठक मंगलवार को हाईकोर्ट में पेश हुए। इस दौरान मीडिया ने उनसे बातचीत की कोशिश की लेकिन उन्होंने यह कहते हुए टिप्पणी करने से इनकार कर दिया कि मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है इसलिए इस पर कुछ कहना उचित नहीं होगा। सुनवाई के दौरान संजय पाठक ने अगली पेशी से छूट की मांग की जिसे हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया। अब उन्हें 14 मई को भी कोर्ट में अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा। 27 अप्रैल को एमपी विधानसभा का विशेष सत्र मध्यप्रदेश विधानसभा का विशेष सत्र 27 अप्रैल को बुलाया गया है। विधानसभा सचिवालय की ओर से इसे लेकर अधिसूचना जारी कर दी गई है। इस विशेष सत्र में ‘नारी शक्ति वंदन’ से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इससे पहले रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विशेष सत्र बुलाने की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था कि महिलाओं से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर विधानसभा में विस्तृत चर्चा की जाएगी। अफसरों से बोले मुख्य सचिव- ब्लाइंडली रूल फॉलो न करें भोपाल में सिविल सर्विस डे के अवसर पर मंगलवार को मुख्य सचिव अनुराग जैन ने प्रशासनिक अधिकारियों को एक नया विजन देते हुए स्पष्ट किया कि नियम अपनी जगह हैं लेकिन उन नियमों के पीछे छिपे आम जनता के चेहरे और उनकी जरूरतों को समझना सबसे ज्यादा जरूरी है।मुख्य सचिव ने कहा कि अक्सर प्रशासन में यह विरोधाभास होता है कि हम रूल बेस्ड होकर काम करते हैं और फाइल के पीछे के व्यक्ति को नजरअंदाज कर देते हैं लेकिन जब नागरिक अपनी महत्वपूर्ण आवश्यकता लेकर आता है तब हमारे इनोवेटिव हेड की भूमिका शुरू होती है। अफसर ब्लाइंडली रूल फॉलो न करें। चलती बस में लगी आग यात्रियों ने कूदकर बचाई जान रायसेन में मंगलवार शाम करीब 4 बजे इंदौर से सागर जा रही एक स्लीपर कोच बस में अचानक आग लग गई। घटना सेहतगंज के पास हुई जहां बस के अगले हिस्से से लपटें उठती देख यात्रियों में हड़कंप मच गया। चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका जिससे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकलने का मौका मिल गया। जूते-चप्पल पहनाकर निकाला जुलूस विदिशा जिले में एक युवक को लाठी-डंडों से पीटा गया। उसका मुंडन कर जूतों की माला पहनाई गई फिर पूरे गांव में घुमाया। वह नाबालिग लड़की के साथ बात करता पकड़ाया था।मामला लटेरी तहसील के मोहनपुर खुर्द गांव में सोमवार का है। इसका वीडियो मंगलवार को वायरल हुआ तो पुलिस हरकत में आई। लटेरी एसडीओपी अमरेश बोहरे ने कहा- 4 आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।