जबलपुर में भू-माफियाओं का आतंक एक बार फिर सामने आया है जहां हाई कोर्ट के एक मुंशी को जमीन विवाद के चलते निशाना बनाया गया। बताया जा रहा है कि करीब ₹26 लाख की प्रॉपर्टी पर कब्जे की कोशिश को लेकर आरोपियों ने पीड़ित पर जानलेवा हमला किया। इससे पहले भी उस पर मिर्च झोंककर गोलियां चलाई जा चुकी हैं। फिलहाल पीड़ित अस्पताल में भर्ती है लेकिन वहां भी उसे जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। आरोप है कि 8-10 आरोपी अस्पताल के वार्ड के बाहर पहुंचकर बयान बदलने का दबाव बना रहे हैं। ऑपरेशन के बाद भी खतरा बरकरार है जिससे अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित ने पुलिस और प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है। जबलपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। टेमर भीटा निवासी रवि पटेल के घर में बेटे की शादी की तैयारियाँ चल रही थीं और वे रिश्तेदारों को निमंत्रण देने निकले थे। इसी दौरान गढ़ा स्टेशन के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि रवि पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जैसे ही यह खबर गांव पहुँची पूरे इलाके में सन्नाटा छा गया। जिस घर में शहनाइयाँ बजने वाली थीं वहाँ अब मातम पसरा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। जबलपुर सेंट्रल जेल में एक कैदी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक मृतक वर्ष 2024 में जेल में बंद हुआ था और लंबे समय से शुगर की बीमारी से पीड़ित था। बताया जा रहा है कि उसकी तबीयत अक्सर खराब रहती थी और उसे इलाज भी दिया जा रहा था। घटना उस समय सामने आई जब जेल स्टाफ ने उसे बैरक में फंदे पर लटका पाया। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। जबलपुर के आधार लाल थाना क्षेत्र में हुई मारपीट की घटना ने तूल पकड़ लिया है। मामले में पीड़ित पक्ष सोमवार को थाने पहुंचा और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस से गुहार लगाई। पीड़ितों का आरोप है कि घटना के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की पहचान कर ली गई है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही गिरफ्तारी कर उचित कार्रवाई की जाएगी। जबलपुर के जामताड़ा खैरानी घाट में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। नर्मदा नदी में एक युवक के डूबने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक नदी में नहाने के दौरान गहरे कुंड में चला गया और अचानक डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक युवक की जान जा चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घाट पर गहराई और खतरनाक कुंड होने के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। इस घटना के बाद माइनिंग विभाग की लापरवाही पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।