किसी ने पिता तो किसी ने पति खोया मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम (MPIDC) में अनुकंपा नियुक्ति की आस लगाए 31 परिवारों का भविष्य पिछले 5 से 10 वर्षों से अधर में लटका हुआ है। इन 31 परिवारों में से किसी के पिता तो किसी के पति की सरकारी नौकरी में रहते हुए असमय मृत्यु हुई लेकिन अनुकंपा की आस में इन परिवारों के लोग दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं। औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के अंतर्गत आने वाले इस निगम में आश्रितों ने आरोप लगाया है कि उनके साथ स्पष्ट रूप से भेदभाव और असमानता का व्यवहार किया जा रहा है । जहां एक ओर प्रदेश के अन्य सभी निगमों और मंडलों में अनुकंपा नियुक्तियां लगातार की जा रही हैं वहीं MPIDC में पद उपलब्ध नहीं होने का बहाना बनाकर पात्र उम्मीदवारों को टाला जा रहा है । आईपीएस अवॉर्ड: मध्यप्रदेश अन्य राज्यों से काफी पीछे मप्र में राज्य पुलिस सेवा (एसपीएस) के अधिकारियों के लिए पदोन्नति एक सपना बन गई है। यहां 1997 बैच के अधिकारी अब भी आईपीएस बनने की कतार में खड़े हैं जबकि छत्तीसगढ़ में 2002 बैच के और कर्नाटक में 2012 बैच के अफसर आईपीएस प्रमोट हो चुके हैं। नियमानुसार डीएसपी के रूप में 8 वर्ष की सेवा पूरी करने के बाद अधिकारी आईपीएस संवर्ग में पदोन्नति के पात्र हो जाते हैं। लेकिन वहीं मप्र में 28 साल की नौकरी के बाद भी ‘सितारे’ नहीं बदल रहे हैं। 500 से ज्यादा डीएसपी पात्रता रखने के बावजूद आईपीएस प्रमोट नहीं हो पा रहे। आईपीएस प्रमोशन कोटे के कई पद रिक्त होने के बाद भी वर्ष 2023 में 4 2024 में 5 और 2025 में मात्र 7 पद उपलब्ध हुए। दूसरी ओर राज्य प्रशासनिक सेवा के 2008 बैच के अधिकारियों को आईएएस अवार्ड हो चुका है। टीकमगढ़ में बस पलटी 11 यात्री घायल टीकमगढ़ में आज मंगलवार सुबह बड़ागांव रोड पर एक यात्री बस पलट गई जिसमें 11 लोग घायल हो गए। हादसा जिला मुख्यालय से लगभग 5 किलोमीटर दूर हनुमान मंदिर के पास क्रॉसिंग के दौरान हुआ। बस सर्विस कंपनी की थी और इंदौर से टीकमगढ़ आ रही थी। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई। कोतवाली थाना प्रभारी रवि भूषण पाठक ने मौके पर पहुंचकर बताया कि सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। कुछ यात्रियों को सिर में गंभीर चोटें आई हैं जबकि अधिकांश को मामूली चोटें लगी हैं। 5वीं के छात्र का गला रेता नीले ड्रम में छिपाया मध्यप्रदेश के सतना में 11 साल के बच्चे की बेरहमी से हत्या कर शव नीले ड्रम में छिपाने का मामला सामने आया है। वारदात के बाद आरोपी घर के बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। घटना कोलगवां थाना क्षेत्र की बैंक कॉलोनी में सोमवार दोपहर की है। बच्चे के लापता होने की सूचना पर पहुंची पुलिस ताला तोड़कर घर में घुसी। अंदर का मंजर सिहराने वाला था—बिस्तर पर रखी तकिया खून से सनी थी दीवारों पर खून के छींटे थे और बिस्तर से लेकर ड्रम तक खून के निशान पड़े थे। मृतक की पहचान शिवराज रजक (11) के रूप में हुई है जो कक्षा 5वीं का छात्र था। तलाशी के दौरान पुलिस ने नीले ड्रम से बच्चे का शव बरामद किया। आरोपी मथुरा रजक (45) पर हंसिया से गला रेतकर हत्या करने का आरोप है। सीजन में पहली बार MP में वॉर्म नाइट का अलर्ट गर्मी के इस सीजन में मध्य प्रदेश में पहली बार वॉर्म नाइट का अलर्ट है। IMD (मौसम केंद्र) की माने तो मंगलवार की रात भोपाल समेत 9 शहरों में रात में भी तेज गर्मी रहेगी। वहीं डिंडौरी में लू का अलर्ट है। इंदौर ग्वालियर उज्जैन-जबलपुर समेत अधिकतर शहरों में पारा 42 डिग्री के पार ही रहेगी। मंगलवार रात जिन 9 शहरों में वॉर्म नाइट का अलर्ट है उनमें भोपाल सीहोर रायसेन नर्मदापुरम छिंदवाड़ा पांढुर्णा सिवनी मंडला और बालाघाट शामिल हैं। इससे पहले रविवार-सोमवार की रात में भोपाल छिंदवाड़ा मंडला और नर्मदापुरम में गरम रात रही।