MP में सरकारी नौकरी का मौका 3000 से ज्यादा पद मध्यप्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ा अवसर है। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने वर्ष 2026 के लिए संशोधित परीक्षा शेड्यूल जारी कर दिया है। इसमें 10 भर्ती परीक्षाओं की नई तारीखें घोषित की गई हैं। खास बात यह है कि अगले 6 महीनों में होने वाली इन परीक्षाओं में से 5 प्रमुख भर्ती परीक्षाओं के जरिए 3 हजार से ज्यादा पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। पदों की पूरी जानकारी सामने आने के बाद यह संख्या दोगुनी से भी ज्यादा हो सकती है। दिवाली से पहले एमपी में यूसीसी लागू करने की तैयारी डॉ. मोहन यादव सरकार मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की तैयारी कर रही है। मंगलवार को कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रियों से कहा कि यूसीसी का अध्ययन करें इसे राज्य में लागू करना है। इस संकेत के बाद गृह विभाग में प्रक्रिया तेज हो गई है क्योंकि यूसीसी बिल तैयार करने की जिम्मेदारी इसी विभाग की है। सूत्रों के अनुसार जल्द ही राज्य स्तर पर एक उच्चस्तरीय कमेटी बनाई जाएगी। इसी साल दिवाली से पहले प्रदेश में यूसीसी लागू किया जा सकता है। सूत्र बताते हैं कि समान नागरिक संहिता का ड्राफ्ट तैयार करने से पहले गोवा और उत्तराखंड में कुछ समय पहले लागू किए गए यूसीसी का अध्ययन किया जा रहा है। जिससे मध्य प्रदेश के लिए व्यावहारिक और संतुलित मॉडल तैयार किया जा सके। ड्राफ्ट तैयार होते ही इसे कैबिनेट में पेश किया जाएगा। सरकार इसे राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से संवेदनशील मानते हुए सही समय पर कैबिनेट में लाने की रणनीति बना रही है। राज्य स्तरीय कमेटी बनने के बाद आगे की प्रक्रिया और ड्राफ्ट को कैबिनेट में पेश करने की टाइमलाइन तय की जाएगी। 5 घंटे तालाब में छिपा रहा 400 चोरियों का मास्टरमाइंड जबलपुर में पुलिस और एक शातिर अंतरराज्यीय चोर के बीच मंगलवार शाम फिल्मी ड्रामा देखने को मिला। पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपी खितौला स्टेशन के पास एक काई से भरे तालाब में कूद गया। करीब 5 घंटे तक पानी के अंदर छिपा रहा। चौंकाने वाली बात यह है कि वह सांस लेने के लिए कमल की डंठल (कमल-नाल) का सहारा लेता रहा। आखिरकार गोताखोरों की मदद से उसे दबोच लिया गया। घटना रीवा-इतवारी ट्रेन की है। एसी कोच में एक महिला का पर्स चोरी करने की कोशिश के दौरान आरोपी आरपीएफ (RPF) की नजर में आ गया। जैसे ही ट्रेन सिहोरा स्टेशन के पास धीमी हुई आरोपी कूदकर भागने लगा। आरपीएफ जवानों ने पीछा किया तो वह खितौला के एक गहरे और काई से भरे तालाब में जा कूदा। रात के अंधेरे और घनी शैवाल के कारण वह पुलिस की आंखों से ओझल हो गया। मां की लाश के साथ 5 दिन रहे भाई-बहन ग्वालियर के टोपी बाजार इलाके में रहने वाली रिटायर्ड क्लर्क उर्मिला भदौरिया (70) की मौत के बाद एक दर्दनाक कहानी सामने आई है। उनके मानसिक रूप से कमजोर बेटे अखंड (40) और बेटी रितु (38) पांच दिन तक मां के शव के साथ घर में ऐसे ही रहे जैसे सब सामान्य हो। उर्मिला देवी की मौत 14 फरवरी की रात हो गई थी लेकिन दोनों बेटा-बेटी इसे समझ ही नहीं सके। 19 फरवरी को जब शव सड़ने लगा और उसमें कीड़े पड़ गए तब बदबू बाहर फैली और पड़ोसियों को शक हुआ। पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद किया। एमपी में 3 चक्रवात एक्टिव18 जिलों में बारिश का अलर्ट मध्य प्रदेश के ऊपरी हिस्से में 3 साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवात) एक्टिव है। इस वजह से आंधी-बारिश का दौर फिर से शुरू हो गया है। मंगलवार को ग्वालियर-चंबल सागर संभाग में मौसम बिगड़ा रहा। IMD (मौसम केंद्र) भोपाल ने बुधवार को दतिया निवाड़ी छतरपुर और टीकमगढ़ में ओले गिरने का अनुमान जताया है। वहीं ग्वालियर भिंड मुरैना पन्ना सतना रीवा मऊगंज सीधी सिंगरौली मैहर कटनी उमरिया शहडोल अनूपपुर समेत 18 जिलों में 24 घंटे के अंदर बारिश होने का अलर्ट है। इससे पहले मंगलवार को भिंड श्योपुर मुरैना शिवपुरी श्योपुर ग्वालियर दतिया निवाड़ी गुना अशोक नगर टीकमगढ़ सतना के चित्रकूट और रीवा में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहा। कहीं तेज आंधी चली तो कहीं बारिश का दौर जारी रहा।मंगलवार को शिवपुरी दतिया धार पीथमपुर और झाबुआ में तेज बारिश हुई। वहीं रतलाम में धूल भरी हवाएं चलीं।