अब घर खरीदना महंगा आज से गाइडलाइन बढ़ी मध्य प्रदेश में 1 अप्रैल से प्रॉपर्टी की कीमतें बढ़ जाएंगी। गाइड लाइन में बढ़ोतरी की जा रही है। MP की 1 लाख 5 हजार लोकेशन में से 65 हजार लोकेशन पर गाइड लाइन बढ़ाई जा रही है। भोपाल में 740 लोकेशन पर रेट बढ़ेंगे। इससे पहले 31 मार्च को भोपाल में 1296 रजिस्ट्री हुईं। इनसे 32.35 करोड़ राजस्व मिला है। सबसे ज्यादा लोकेशन इंदौर की हैं। इंदौर में 2625 लोकेशन पर गाइड लाइन में वृद्धि की गई है। इसमें न्यूनतम 10% और अधिग्रहण वाले गांवों में अधिकतम 200% का इजाफा किया गया है। उज्जैन में 25 से अधिक लोकेशन पर 100 से 150% बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। ग्वालियर में 22 से अधिक लोकेशन पर 25 से 98% तक रेट बढ़ाने का प्रस्ताव है। कुल मिलाकर आज (1 अप्रैल) से पूरे प्रदेश में प्रॉपर्टी खरीदना पहले से महंगा हो जाएगा। औसत बढ़ोतरी 16% तक है। पिछले साल यह 13% थी। 28 हजार 396 लोकेशन पर कोई बढ़ोतरी नहीं होगी। एमपी में मिलावट 2 हजार से ज्यादा सैंपल फेल मध्यप्रदेश में खाने-पीने की चीजों में मिलावट अब सिर्फ शिकायत नहीं बल्कि गंभीर स्वास्थ्य संकट का रूप ले चुकी है। फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) की हाल में एक रिपोर्ट सामने आई। जिसमें 2000 से ज्यादा फूड सैंपल फेल पाए गए। सबसे ज्यादा मामले करीब 420 ग्वालियर से सामने आए हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले दूध मावा पनीर और घी जैसे डेयरी प्रोडक्ट ही सबसे ज्यादा मिलावटी पाए गए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यह मिलावट केवल फूड पॉइजनिंग ही नहीं बल्कि डायबिटीज हार्ट डिजीज और हार्मोनल बीमारियों तक का कारण बन रही है। FDA की यह रिपोर्ट मोबाइल वैन के जरिए लिए गए सैंपल और उनकी टेस्ट रिजल्ट के आधार पर तैयार की गई है। जिसमें बीते तीन साल के आंकड़े शामिल हैं। यह पहली बार है जब मोबाइल वैन के संचालन से लेकर अब कर लिए गए एक लाख सैंपल की कंपाइल रिपोर्ट सामने आई है। MP में 4 दिन का ‘स्कूल चलें हम’ अभियान मध्यप्रदेश में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत 1 अप्रैल यानी आज से स्कूल चलें हम अभियान के साथ होंगी। चार दिन तक चलने वाले इस अभियान का फोकस सिर्फ औपचारिक शुरुआत नहीं बल्कि अधिक से अधिक बच्चों को स्कूल से जोड़ने पर रहेगा। करीब 92 हजार सरकारी स्कूलों और 85 लाख विद्यार्थियों वाले इस बड़े तंत्र में नामांकन बढ़ाने ड्रॉपआउट बच्चों को वापस लाने और शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने की कोशिश की जाएगी। राज्य से लेकर गांव स्तर तक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय कर दी गई। पहले दिन बालसभा के जरिए बच्चों को स्कूल से जोड़ा जाएगा। दूसरे दिन भविष्य से भेंट कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। तीसरे दिन सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों के माध्यम से पालकों की भागीदारी बढ़ाई जाएगी जबकि चौथे दिन ऐसे बच्चों पर ध्यान दिया जाएगा जो पढ़ाई में पिछड़ गए। MPL-2026 ऑक्शन: आशुतोष शर्मा सबसे महंगे 15 लाख में बिके इंदौर में पहली बार हुई मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (MPL) 2026 का ऑक्शन कई मायनों में चौंकाने वाला रहा। जहां IPL में करोड़ों में बिकने वाले खिलाड़ी यहां लाखों में सिमट गए वहीं कुछ युवा खिलाड़ियों ने बाजी मार ली। इंदौर के तेज गेंदबाज आवेश खान पर सभी की नजरें थीं लेकिन उन्हें चंबल घड़ियाल ने 8.20 लाख रुपए में खरीदा। IPL में 9.75 करोड़ रुपए पाने वाले आवेश के लिए इससे ज्यादा बोली की उम्मीद थी लेकिन सीमित बजट के कारण ऐसा नहीं हो सका। ऑक्शन में सबसे बड़ी बोली आशुतोष शर्मा पर लगी। 3 लाख बेस प्राइस से शुरू होकर उनकी कीमत 15 लाख रुपए तक पहुंची। मालवा स्टेलियंस ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया। घरेलू क्रिकेट में रेलवे का प्रतिनिधित्व करने वाले आशुतोष IPL में दिल्ली कैपिटल्स के लिए 3.80 करोड़ रुपए में खेल रहे हैं। 15 अप्रैल से भीषण गर्मी लू भी चलेगी मध्य प्रदेश में 15 अप्रैल से भीषण गर्मी पड़ेगी। सबसे ज्यादा ग्वालियर-चंबल इलाका तपेगा। इंदौर भोपाल उज्जैन और सागर संभाग भी गर्म रहेंगे। अप्रैल की शुरुआत तेज आंधी-बारिश से होगी। IMD भोपाल ने 1 से 4 अप्रैल तक आधे प्रदेश में अलर्ट जारी किया है। बुधवार को इंदौर उज्जैन-ग्वालियर समेत 29 जिलों में अलर्ट है। अगले 24 घंटे में ग्वालियर भिंड दतिया निवाड़ी टीकमगढ़ छतरपुर पन्ना सतना मैहर रीवा मऊगंज सीधी सिंगरौली शहडोल अनूपपुर आगर-मालवा राजगढ़ शाजापुर सीहोर खंडवा बुरहानपुर खरगोन इंदौर उज्जैन रतलाम झाबुआ आलीराजपुर धार और बड़वानी में मौसम बदलेगा। पिछले 2 दिन से पूरे प्रदेश में मौसम बदला हुआ है। 12 जिलों में ओले गिरे और 41 से ज्यादा जिलों में आंधी-बारिश का असर रहा। मंगलवार को धार के कुक्षी और मनावर में ओले गिरे। रात में कई जिलों में मौसम बदला रहा।