मुरैना में चोर के कंधे पर बैठकर नाचे टीआई मुरैना में जौरा थाना प्रभारी दर्शन लाल शुक्ला का अपराधियों के साथ जन्मदिन मनाने और नाचने-गाने का वीडियो सामने आया है। बर्थडे सेलिब्रेशन 28 फरवरी की रात करीब 9 बजे थाना परिसर में ही शुरू हुआ। इसमें थाना प्रभारी को मालाएं पहनाई गईं केक काटा गया। बधाई देने वालों की लाइन लगी रही। सेलिब्रेशन में कोतवाली थाना इलाके का हिस्ट्रीशीटर बाइक चोर लवकुश शर्मा भी था। उसने टीआई दर्शन लाल शुक्ला को अपने कंधों पर उठा लिया। उन्हें कंधे पर बैठाकर पूरे थाना परिसर में नाचते हुए घुमाता रहा। इसका वीडियो भी सामने आया है। भोपाल में लगे अमेरिका-इजराइल मुर्दाबाद के नारे अमेरिका और इजराइल के हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत पर भारत के शिया समुदाय में भी शोक की लहर है। भोपाल के करोंद स्थित शिया मस्जिद में रविवार को जोहर की नमाज के बाद श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। शाम को फतेहगढ़ के इमामबाड़े के पास भारी पुलिस बल तैनात रहा। मौलाना जहीर अब्बास ने खामेनेई को श्रद्धांजलि दी और इमामबाड़े में नारे लगवाए। उन्होंने फिलिस्तीन के संघर्ष का भी उल्लेख किया। कूनो नदी में छोड़े 53 घड़ियाल और 25 दुर्लभ कछुए चीतों के घर के रूप में पहचाने जाने वाले मध्यप्रदेश के श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क में अब चीतों की रफ्तार के साथ जलीय जीव घड़ियाल और कछुए भी उछलकूद करते नजर आएंगे. यहां वन्यजीव संरक्षण कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ने पार्क की कूनो नदी में घड़ियाल और कछुए रिलीज कर दिए है. गत दिवस 28 फरवरी को कूनो नेशनल पार्क में दक्षिण अफ्रीकी देश बोत्सवाना से 9 चीते लाकर रिलीज किए जाने के कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके मुख्यमंत्री मोहन यादव एक दिन बाद कूनो नेशनल पार्क पहुंचे और कूनो पार्क के भीतर पालपुर फोर्ट के सामने कूनो नदी किनारे आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया. आज भी दुबई में फंसे रहेंगे एमपी के लोग ईरान और इजराइल में युद्ध के बीच ईरान ने यूएई सहित आठ देशों में मिसाइल हमले शुरू कर दिए हैं। इसमें यूएई भी शामिल है। इसके कारण यूएई के सभी एयरपोर्ट (दुबई शारजाह और अबूधाबी) कल से बंद हैं। 28 फरवरी से कैंसिल शारजाह से इंदौर आने और जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट आज भी निरस्त कर दी गई हैं। इसके कारण इंदौर सहित प्रदेश के सैकड़ों यात्री यूएई में फंस गए हैं। दो पूर्व विधायकों सहित इंदौर के एक बड़े कारोबारी और उनके साथी दुबई की जिस होटल में ठहरे थे उसके पास की ही पार्क जुमेरा होटल में मिसाइल गिरी और धमाका हुआ। घटना के बाद इंदौर के सभी लोगों ने उस इलाके को छोड़कर दूसरी होटल में शरण ली। कारोबारी पिंटू छाबड़ा ने बताया कि उनके परिजन और सभी साथी सुरक्षित हैं। इंदौर से गया एक अन्य परिवार अबूधाबी में फंसा है। हालांकि वहां हालात सामान्य हैं लेकिन फ्लाइटों के बंद होने के कारण वापसी मुश्किल हो रही है। पहले सप्ताह में हल्की बारिश होने का अनुमान मौसम विभाग के मुताबिक मध्य प्रदेश में मार्च में ही तापमान 40°C तक पहुंच सकता है। मार्च के पहले सप्ताह में हल्की बारिश होने का भी अनुमान है जबकि दूसरे सप्ताह से गर्मी असर दिखाने लगेगी। दिन के साथ रातें भी गर्म होंगी। मध्य प्रदेश में रविवार को दिन का तापमान 35°C से ज्यादा रहा।