विधायक से पहले सरपंच था 20 माह का मानदेय नहीं मिला विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सरपंचों और पंचों को समय पर मानदेय न मिलने का मुद्दा उठा। श्योपुर जिले की विजयपुर सीट से कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा ने विधानसभा में पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल से पूछा कि सरपंचों और पंचों को कितना मानदेय दिया जा रहा है? विधायक ने सदन में कहा कि मैं विधायक बनने के पहले दो साल तक सरपंच था मुझे सिर्फ चार महीने का मानदेय मिला है। इस पर पंचायत मंत्री ने कहा मैं इस मामले की जांच कराऊंगा कि ऐसा कैसे हो गया कि सरपंच का समय पर मानदेय नहीं मिला। एमपी में होली से पहले बसों की हड़ताल प्रदेश के 55 जिलों में 2 मार्च यानी होली से ठीक 2 दिन पहले बसों की हड़ताल होगी। इसमें प्रदेश की 20 हजार बसें शामिल होंगी। मध्य प्रदेश बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन के मुताबिक प्रदेश में 12 हजार 780 परमिट वाली जबकि 7 हजार से अधिक कॉन्ट्रैक्ट वाली बसें हैं। 2 मार्च को सुबह 6 बजे से सभी बसों के पहिए थम जाएंगे। सबसे ज्यादा असर आम यात्रियों पर पड़ेगा जो होली में अपने घर जाएंगे। बस संचालक सरकार की नई परिवहन नीति का विरोध कर रहे हैं। इस नीति के तहत सरकार 7 कंपनियों को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल के तहत सभी बसों के टेंडर सौंप देगी। किसानों के आगे फिर झुकी एमपी सरकार सरकार किसानों के आगे एक बार फिर झुक गई है। सरकार ने उज्जैन-इंदौर ग्रीनफील्ड कॉरिडोर रोड की ऊंचाई कम करने का फैसला हुआ है। भोपाल में सीएम मोहन यादव और किसानों के बीच बातचीत के बाद सरकार ने निर्णय लिया है। इसके साथ ही किसानों को मिलने वाले मुआवजे की राशि भी बढ़ाने का भी आश्वासन मिल गया है। फैसले के बाद किसानों ने भी अपना विरोध वापस ले लिया है। तीन महीने पहले सरकार ने उज्जैन सिंहस्थ इलाके में जमीन अधिग्रहण का अपना फैसला भी वापस ले लिया था। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शिवना में ताला लगा मिला खरगोन जिले के ग्राम शिवना में स्वास्थ्य तंत्र की शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। बुधवार सुबह प्रसव पीड़ा से तड़पती एक महिला को लेकर परिजन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे लेकिन वहां ताला लटका मिला। मजबूरी में महिला ने अस्पताल परिसर में ही शिशु को जन्म दिया। घटना के समय ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नदारद था। बाद में सफाई के लिए पहुंची एक महिला ने ताला खोलकर जच्चा-बच्चा को वार्ड के पलंग तक पहुंचाया। सुबह 9 बजे स्टाफ के आने पर उपचार शुरू हुआ। एमपीपीएससी की SET परीक्षा 1 मार्च को मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) द्वारा राज्य पात्रता परीक्षा (SET) 2025 का आयोजन 1 मार्च को किया जाएगा। इंदौर शहर में यह परीक्षा 100 परीक्षा केंद्रों पर होगी जिसमें 38144 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा ऑफलाइन मोड में दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा के सफल संचालन के लिए संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े को समन्वयक अधिकारी नियुक्त किया गया है। तैयारियों को लेकर संभागायुक्त कार्यालय में समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई।