Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
21-Feb-2026

छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से 20 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि सत्र की कुल 15 बैठकें प्रस्तावित हैं। सत्र की शुरुआत 23 फरवरी को सुबह 11:05 बजे राज्यपाल रामेन डेका के अभिभाषण से होगी। 24 फरवरी को दोपहर 12:30 बजे वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत करेंगे। बजट पर सामान्य चर्चा 26 और 27 फरवरी को होगी। इसके बाद 9 से 17 मार्च तक विभागवार अनुदान मांगों पर विचार किया जाएगा। 18 मार्च को विनियोग विधेयक पारित किया जाएगा। सत्र के दौरान ‘छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक 2026’ और ‘छत्तीसगढ़ लोक सुरक्षा (उपाय) प्रवर्तन विधेयक 2026’ पर भी चर्चा होने की संभावना है। अब तक कुल 2813 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। बजट सत्र में वित्तीय विधायी और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस की संभावना है। कांग्रेस विधायक कवासी लखमा को छत्तीसगढ़ विधानसभा की कार्यवाही में भाग लेने की सशर्त अनुमति प्रदान की गई है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बजट सत्र में उनकी उपस्थिति कुछ निर्धारित शर्तों के साथ मंजूर की है। अध्यक्ष ने बताया कि लखमा को सत्र में आने और जाने की सूचना विधानसभा सचिवालय को देनी होगी। वे अपने निवास क्षेत्र का दौरा नहीं करेंगे और “नो स्पीच” शर्त का कड़ाई से पालन करेंगे। साथ ही वे अपने खिलाफ चल रहे मामले से संबंधित किसी भी चर्चा में भाग नहीं लेंगे।नियमों के उल्लंघन की स्थिति में उनकी अनुमति तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी जाएगी। चूंकि मामला न्यायालय में विचाराधीन है इसलिए इस विषय पर सदन में चर्चा नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने 62वें जन्मदिन पर मुख्यमंत्री निवास रायपुर में आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना कर रक्तदाताओं को सम्मानित किया। अल्फा ग्लोब फाउंडेशन और शिवनाथ ब्लड सेंटर की ओर से 62 यूनिट रक्तदान की विशेष व्यवस्था की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्तदान महादान है और जरूरतमंदों के जीवन में नई आशा जगाता है। रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपने 62वें जन्मदिन के अवसर पर जशपुर जिले के लिए रवाना हुए। वे बगिया में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर जन्मदिन मनाएंगे। रायपुर हेलीपेड पर उनका गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें लड्डुओं से तौलकर शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे हर वर्ष अपने जन्मदिन पर अपने क्षेत्र में आकर माता का आशीर्वाद लेते हैं। दिल्ली में युवा कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह शर्टलेस नहीं सेमलेस प्रदर्शन” था। अगर किसी प्रक्रिया में त्रुटि का आरोप है तो संबंधित मंत्री का घेराव समझ में आता है लेकिन जहां अनेक देशों के प्रतिनिधि मौजूद हों वहां इस तरह का प्रदर्शन करना उचित नहीं है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इतने बड़े कार्यक्रम में यदि किसी संस्था से गड़बड़ी हुई थी तो उसे अलग कर दिया गया है। इसके बावजूद मेहमानों के सामने इस तरह का प्रदर्शन करना शर्मनाक है। SIR के अंतिम प्रकाशन को लेकर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि आज अंतिम प्रकाशन का दिन है और मतदाता सूची को शुद्ध बनाने के लिए यह प्रक्रिया आवश्यक थी। उन्होंने कहा कि समय-समय पर मतदाता सूची में गड़बड़ियां सामने आती रहती हैं। कई ऐसे नाम दर्ज थे जो अब संबंधित स्थान पर निवास नहीं कर रहे हैं। ऐसे मामलों को सुधारना जरूरी है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कोई घुसपैठिया है तो उसका नाम सूची से हटना ही चाहिए। सरकार का उद्देश्य मतदाता सूची को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है।