जबलपुर में आरती-अजान एक साथ होने से हुआ पथराव जबलपुर जिले के सिहोरा के आजाद चौक स्थित दुर्गा मंदिर के पास गुरुवार रात आरती और अजान के दौरान हुए विवाद के मामले में पुलिस ने 15 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी जिसे पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में नियंत्रित किया गया। फिलहाल इलाके में शांति है और पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी अतुल सिंह कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और एसपी संपत उपाध्याय मौके पर पहुंचे। सिहोरा खितौला गोसलपुर पनागर सहित एक दर्जन से अधिक थानों का पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को सामान्य कराया। 42 हेक्टेयर कृषि भूमि से पुजारी का स्वामित्व समाप्त ग्वालियर हाईकोर्ट ने अशोकनगर स्थित 200 साल पुराने श्री गणेशजी मंदिर की कृषि भूमि पर राज्य सरकार का अधिकार घोषित कर दिया है। साल 2006 से लंबित एक महत्वपूर्ण द्वितीय अपील में हाईकोर्ट की एकल पीठ ने निचली अदालतों के आदेश पलटते हुए मंदिर की पूरी जमीन को माफी औकाफ विभाग की संपत्ति माना और पुजारी के निजी स्वामित्व के दावे को खारिज कर दिया। राज्य सरकार ने हाईकोर्ट में तर्क दिया कि मंदिर की संपत्ति देवता की होती है और पुजारी केवल उसका सेवक होता है। भूमि रिकॉर्ड में भी यह संपत्ति माफी औकाफ विभाग के नाम दर्ज है। सरकार ने स्पष्ट किया कि पुजारी का कार्य केवल पूजा-अर्चना तक सीमित है। यदि कोई पुजारी मंदिर की संपत्ति को अपनी निजी संपत्ति बताता है तो यह अनुचित है। विजयवर्गीय ने सिंघार को औकात बताई फिर दुख जताया संसदीय कार्यमंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष को औकात बताने वाले बयान के विरोध में कांग्रेस प्रदेश व्यापी प्रदर्शन करने जा रही है। आज भोपाल सहित पूरे प्रदेश के एक हजार ब्लॉक में कांग्रेस के कार्यकर्ता मंत्री विजयवर्गीय का पुतला दहन कर रहे है। विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन गुरुवार सिंगरोली में अडाणी की कंपनी को कोल ब्लॉक आवंटन के मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और संसदीय कार्यमंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बीच तीखी बहस हो गई। इसी दौरान संसदीय कार्यमंत्री विजयवर्गीय ने नेता प्रतिपक्ष से कह दिया औकात में रहो।चर्चा के दौरान सिंघार ने सरकार और अदाणी के बीच समझौते का मुद्दा उठाया। इस पर मंत्री विश्वास सारंग ने आपत्ति जताई और कहा कि जो व्यक्ति सदन में मौजूद नहीं है उसका नाम नहीं लिया जाना चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष ने भी इस परंपरा का पालन करने के निर्देश दिए। संघ मनाएगा अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ 22 फरवरी को अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस मनाएगा। इस मौके पर 18 विभिन्न भाषाओं के प्रतिनिधि क्षेत्रीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे। 18 ही भाषाओं के प्रतिनिधियों द्वारा व्यंजनों एवं साहित्य के स्टॉल लगाए जाएंगे। डॉ. हेडगेवार स्मारक समिति एवं भारतीय भाषा संवर्द्धन समिति के बैनरतले यह आयोजन किया जा रहा है। एमपी में आंधी बारिश और ओलों से फसलें आड़ीं साइक्लोनिक सर्कुलेशन और वेस्टर्न डिस्टरबेंस के सक्रिय होने से मध्य प्रदेश के आधे हिस्से में मौसम ने खतरनाक रूप अख्तियार कर लिया है।24 से 48 घंटों के दौरान प्रदेश के 25 जिलों के करीब 80 शहरों और कस्बों में तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।सबसे बुरा असर उज्जैन संभाग में देखने को मिला है। उज्जैन के घट्टिया महिदपुर और उन्हेल जैसे ग्रामीण इलाकों में ओलावृष्टि और तेज हवाओं के कारण खेतों में खड़ी फसलें पूरी तरह आड़ी हो गई हैं। दानों को भारी नुकसान पहुंचा है जिससे किसानों के चेहरे पर मायूसी छा गई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान के आकलन के लिए सर्वे शुरू करा दिया है।