Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
19-Feb-2026

धनकुबेर सौरभ पर किस एजेंसी ने क्या कार्रवाई की सरकार के पास जानकारी नहीं मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने परिवहन विभाग के पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा पर हुई छापेमारी का मुद्दा उठाया। उन्होंने सवाल किया कि परिवहन विभाग के पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा पर अब तक किस-किस एजेंसी ने क्या-क्या कार्रवाई की है? चौंकाने वाली बात यह है कि दिसंबर 2024 में पड़े देश के सबसे बड़े छापों में से एक के सवा साल बाद भी मुख्यमंत्री (गृह विभाग) की ओर से लिखित जवाब दिया गया कि जानकारी एकत्रित की जा रही है। यानी जिस मामले ने पूरे देश में सुर्खियां बटोरीं उसकी सटीक जानकारी फिलहाल प्रदेश सरकार के रिकॉर्ड में अपडेट नहीं है। विधानसभा के बजट सत्र का चौथा दिन मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का आज गुरुवार को चौथा दिन है। सदन में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी। सोमवार को राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने अपने अभिभाषण में मध्य प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार की चलाई गई योजनाओं के कारण आए बदलावों को विस्तार से बताया था। उन्होंने विकसित भारत 2047 के विजन में प्रदेश की भूमिका को लेकर किए जा रहे प्रयासों को विस्तार से बताया था। कार सवारों ने रुपए दिखाकर किए अश्लील इशारे रतलाम के सिमलावदा में बुधवार दोपहर बच्चा चोर समझकर जिन लोगों को पीटा गया उनके खिलाफ पुलिस ने छेड़छाड़ का केस दर्ज किया है। जांच में सामने आया है कि कार सवारों ने एक नाबालिग को रुपए दिखाकर अश्लील इशारे किए थे। इससे विवाद की स्थिति बनी। बच्चा चोर की अफवाह फैलते ही ग्रामीणों ने कार सवारों को जमकर पीट दिया। उनकी कार में भी तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने मारपीट करने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया है। उज्जैन व्यापार मेला में टैक्स छूट की प्रक्रिया अटकी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गृह क्षेत्र उज्जैन में 15 फरवरी से शुरू हुए विक्रमोत्सव व्यापार मेले में वाहन खरीदारों की भारी भीड़ तो उमड़ रही है लेकिन टैक्स छूट की प्रक्रिया अटकने से डीलर और ग्राहक दोनों परेशान हैं। नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर (एनआईसी) के पोर्टल अपडेट न होने की वजह से मेले में बिके वाहनों का टैक्स जमा नहीं हो पा रहा। नतीजा एक हजार से ज्यादा वाहन बिना टैक्स चुकाए ही सड़कों पर दौड़ रहे हैं। भोपाल-उज्जैन समेत 20 जिलों में बारिश मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ गया है। नए सिस्टम के सक्रिय होने से प्रदेश में फरवरी के महीने में तीसरी बार ओले और बारिश का दौर शुरू हुआ है।12 घंटों के दौरान भोपाल इंदौर ग्वालियर और उज्जैन समेत 20 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ीं जिससे ठिठुरन बढ़ गई है।गुरुवार सुबह राजधानी भोपाल समेत कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली। भोपाल में बादलों की तेज गड़गड़ाहट के साथ करीब डेढ़ घंटे तक कभी रिमझिम तो कभी तेज बारिश हुई।