भाजपा नेत्री ने जीतू पटवारी से कहा मंडल अध्यक्ष जिसे चाहे उसे छेड़ता है विधायक का भाई बोला - तुम गाड़ी घर छोड़कर आओगे कांस्टेबल का पलटवार- यहीं वर्दी उतार दूं? भाजपा मंडल अध्यक्ष ने मां और बेटी को पीटा सतना जिले के नागौद क्षेत्र में भाजपा मंडल अध्यक्ष पुलकित टंडन ने पार्टी की ही एक महिला पदाधिकारी और उनकी बेटी के साथ मारपीट और बदसलूकी की। यह घटना 27 जनवरी की रात करीब 10 बजे की है। घटना के 2 वीडियो भी साामने आए। पहले वीडियो में आरोपी बीजेपी नेत्री की बेटी से मारपीट करता दिखा। दूसरे वीडियो में पीड़िता की मां और भाई से मारपीट करते दिखाई दे रहा है। शुक्रवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष ने जिला अध्यक्ष को इस्तीफा सौंप दिया। पीड़िता की मां भाजपा की पदाधिकारी हैं उन्होंने कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी से फोन पर बात कर अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने बताया कि भाजपा मंडल अध्यक्ष ने बेटी को घसीट-घसीट कर बेरहमी से पीटा और बेटी को बचाने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई। पीड़िता की मां ने सवाल उठाया कि घटना के वीडियो सामने होने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी अब तक क्यों नहीं हुई जबकि छोटे अपराधों में तुरंत कार्रवाई हो जाती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी के लोग लगातार धमकियां दे रहे हैं। यह आदमी इतना खतरनाक है कि जिसे चाहता है उसे छेड़ता है। पूरी बात सुनने के बाद पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भरोसा दिलाया कि वे इस मामले में स्वयं एसपी से बात करेंगे। कांस्टेबल का पलटवार- यहीं वर्दी उतार दूं? शिवपुरी जिले के नरवर में पुलिस की वाहन चेकिंग के दौरान BJP विधायक के भाई और ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मियों के बीच जमकर विवाद हुआ। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मर्यादा की सीमाएं लांघने वाली बहस हुई।दरअसल नरवर थाने के सामने पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान करैरा विधायक रमेश खटीक के भाई आए और चेकिंग के दौरान रोकी गई एक बाइक को ले जाने की जिद करने लगे. जिस पर पुलिस ने उनसे बातचीत की और चालान कटवाने को कहा. लेकिन इसी बीच एक पुलिसकर्मी ने उनकी भी बाइक की चाबी निकाल ली. इसके बाद पुलिस और विधायक के भाई की भिड़ंत हो गई और देखते ही देखते मामले ने तूल पकड़ लिया. विधायक के भाई ने पुलिसकर्मी को रौब दिखाते हुए कहा- गाड़ी तो तुम घर पर रख कर आओगे. इस पर एक पुलिसकर्मी भी आगबबूला हो गया और बोला अपनी वर्दी यहीं पर उतार दूं क्या? पुलिसकर्मी का कहना था कि वह अपना काम ईमानदारी से कर रहा है और दबाव बर्दाश्त नहीं करेगा. धान लोड ट्रकों को किसानों ने रोककर किया हंगामा रीवा जिले के त्योंथर तहसील क्षेत्र में धान खरीदी केंद्र परसिया क्रमांक-01 से परिवहन के लिए निकले धान लोड पांच ट्रकों को शुक्रवार को किसानों और किसान संगठनों ने रोक दिया। कांग्रेस नेता कमांडो अरुण गौतम के नेतृत्व में किसानों ने खरीदी केंद्र परिसर में ट्रैक्टर खड़े कर ट्रकों का रास्ता जाम कर दिया जिससे धान का परिवहन पूरी तरह ठप हो गया। किसानों का कहना है कि समिति द्वारा करीब 40 किसानों का लगभग 4000 क्विंटल धान तौल लिया गया है लेकिन एक महीने बाद भी उसकी फीडिंग नहीं हो पाई है। तौला गया धान बारदानों में सील-पैक होकर खरीदी केंद्र परिसर में रखा हुआ है। फीडिंग (पोर्टल पर दर्ज नहीं) न होने के कारण किसानों को अब तक भुगतान नहीं मिल पाया है जिससे वे आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। जबलपुर के कुंडम आदिवासी छात्रावास में मौत का मामला जबलपुर के हरदुली आदिवासी छात्रावास के छात्रों को घटिया खाद्य सामग्री से बना भोजन परोसने वाले अधीक्षक गजेंद्र झारिया की अग्रिम जमानत की याचिका को हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है। शासकीय अधिवक्ता ने कोर्ट को बताया कि अगर आरोपी को अग्रिम जमानत दी जाती है तो वह साक्ष्य से छेड़खानी कर हेराफेरी कर सकता है। 21 अगस्त 2025 को छात्रावास में दूषित भोजन परोसा गया था जिसे खाने से 13 छात्र बीमार पड़े थे जिनमें से एक बैगा जाति के छात्र की मौत हो गई। एमपी के 19 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। ओले-बारिश का दौर थमने के बाद ठंड और कोहरे का असर तेज हो गया है। शुक्रवार सुबह सतना में घना कोहरा छाया रहा जिससे विजिबिलिटी घटकर महज 50 मीटर रह गई। हालात ऐसे थे कि कुछ ही दूरी पर दिखाई देना मुश्किल हो गया वहीं रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। भोपाल ग्वालियर समेत प्रदेश के 19 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। राजगढ़ प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां पारा 3 डिग्री तक पहुंच गया।