4 राज्यों के 5 विधानसभा उपचुनाव चार राज्यों की 5 विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव का रिजल्ट आ चुका है। गुजरात की कडी सीट से भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र चावड़ा जीते। विसावदर पर AAP के गोपाल इटालिया जीते। केरल में UDF उम्मीदवार कांग्रेस के आर्यदन शौकत को जीत मिली। पंजाब की लुधियाना वेस्ट AAP के खाते में आई यहां संजीव अरोड़ा जीते। कांग्रेस के भारत भूषण आसु दूसरे नंबर पर रहे।पश्चिम बंगाल की कालीगंज सीट पर TMC प्रत्याशी अलिफा अहमद जीतीं। उन्होंने भाजपा के आशीष घोष को हराया। 25 जून को लॉन्च हो सकता है एक्सियम-4 मिशन भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का अंतरिक्ष मिशन Axiom-4 25 जून को लॉन्च हो सकता है। भारतीय समयानुसार दोपहर 12.01 बजे इसकी लॉन्चिंग संभव है। अगर ये तय वक्त पर लॉन्च होता है तो इसकी डॉकिंग 26 जून को शाम 4:30 बजे होगी। इसकी जानकारी मंगलवार को NASA ने दी। भारतीय सेना खरीदेगी नागास्त्र-1 भारतीय सेना ने सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड (SDAL) से 450 नागास्त्र-1आर लॉयटरिंग म्यूनिशन खरीदने का ऑर्डर दिया है। यह सिस्टम पूरी तरह से री-यूजेबल लॉन्चर के साथ आता है और इसकी लागत भी कम है। इसमें 360 डिग्री जिंबल कैमरा लगा है जिसमें नाइट ऑपरेशन के लिए थर्मल कैमरा लगाने का विकल्प भी है। चंद्रशेखर के खिलाफ आयोग से शिकायत यूपी की नगीना सीट से सांसद चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ राष्ट्रीय महिला आयोग में यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज हुई है। उनके खिलाफ शिकायत पीएचडी स्कॉलर रोहिणी घावरी ने स्विट्जरलैंड से दर्ज कराई। रोहिणी ने कहा चंद्रशेखर ने होटल बुलाकर मेरे साथ संबंध बनाए। उसने हमेशा मुझे धोखे में रखा। स्वाभिमान और सम्मान के लिए लड़ूंगी। पीछे नहीं हटूंगी। आंध्र प्रदेश के पूर्व CM जगन पर FIR आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी के खिलाफ हिट एंड रन मामले में FIR दर्ज हो गई है। गुंटूर जिले के SP ने बताया कि पूर्व CM की कार ने 5 दिन पहले रोड शो के दौरान 53 साल के व्यक्ति को कुचल दिया था। अस्पताल ले जाते वक्त उनकी मौत हो गई। रोहित शर्मा ने हरभजन को अपनी लव स्टोरी बताई पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने अपनी पत्नी गीता बसरा के साथ यूट्यूब पर नया चैट शो हू इज द बॉस शुरू किया है। इसके पहले एपिसोड में भारतीय वनडे क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा अपनी पत्नी रितिका सजदेह के साथ पहुंचे। 48 मिनट के एपिसोड में रोहित ने हरभजन के सामने जिंदगी के कई राज खोले। बातचीत में रोहित ने अपनी लव स्टोरी भी सुनाई। UP में बारिश ने 50 साल का रिकॉर्ड तोड़ा उत्तर प्रदेश में जून में बारिश का 50 साल का रिकॉर्ड टूट गया है। 1971 से 2020 के बीच हुई औसत बारिश के मुकाबले इस साल 25% ज्यादा बरसात हुई है। इस साल राज्य में 1 जून से 23 जून के बीच 66.9 मिमी औसत बारिश हुई है जबकि अनुमान 53.7 मिमी का था। ट्रम्प का दावा- ईरान और इजराइल में सीजफायर ट्रम्प के सीजफायर के ऐलान के करीब 5 घंटे बाद ईरान ने इजराइल पर 4 बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया है। टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट्स के मुताबिक एक मिसाइल बीर्शेबा शहर में एक इमारत पर गिरी। मेडिकल टीम ने बताया कि 3 लोगों की मौत हो गई है जबकि कई घायल हुए हैं। NATO की समिट आज से नीदरलैंड के द हेग शहर में आज से नॉर्थ अटलांटिक ट्रीटी ऑर्गेनाइजेशन (NATO) समिट शुरू हो रहा है। 76 साल पहले बना NATO अमेरिका के दम पर दुनिया का सबसे मजबूत सैन्य संगठन है लेकिन आज यह अपने सबसे बुरे दौर में है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प कई बार NATO को लेकर नाखुशी जाहिर कर चुके हैं।