Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राष्ट्रीय
09-Oct-2020

1 राजद सुप्रीमो लालू यादव को चारा घोटाले के चाईबासा केस में शुक्रवार को झारखंड हाईकोर्ट ने जमानत दे दी, लेकिन वे जेल से बाहर नहीं आ पाएंगे। दरअसल, उन्हें चारा घोटाले के तीन मामलों में अलग-अलग सजा हुई थी। इनमें से दो मामलों में उन्हें जमानत मिल चुकी है। जेल से बाहर आने के लिए उन्हें एक और मामले में जमानत लेनी होगी। लालू पर चारे के नाम पर चाईबासा, देवघर और दुमका ट्रेजरी से अवैध तरीके से पैसे निकालने के मामलों में सजा हुई थी। उन्हें देवघर केस में 2019 में ही जमानत मिल चुकी है। दुमका केस में जमानत नहीं मिली है। 2 हाथरस में दलित युवती से कथित गैंगरेप के मामले में अब एक और खुलासा हुआ है। भाजपा सांसद राजवीर दिलेर की बेटी मंजू दिलेर जो कि राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की सदस्य भी रह चुकी हैं, उन्होंने हाथरस की घटना के बाद डीजीपी एचसी अवस्थी को चिऋी लिखी थी। मंजू ने कहा था कि पीडि़त से दुष्कर्म और हत्या की कोशिश की वारदात में 5 लोग शामिल थे, लेकिन पुलिस ने सिर्फ एक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मंजू ने एसएचओ को सस्पेंड करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की थी। 3 कोरोना संक्रमण को देखते हुए इस बार गुजरात सरकार ने राज्य में गरबा महोत्सव की इजाजत नहीं दी है। पंडालों में सिर्फ मूर्ति स्थापित करके पूजा-आरती की जा सकती है। हालांकि, मूर्ति को स्पर्श करने की अनुमति नहीं होगी। पूरे देश की बात करें तो कुछ राहत देने वाली खबर है। लगातार तीन हफ्ते हो चुके हैं जब नए संक्रमितों से ज्यादा मरीज ठीक हुए हैं। 4 महाराष्ट्र के आतंकवाद निरोधी दस्ते ने शुक्रवार को हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। उसे भारतीय लड़ाकू विमान और उनकी विनिर्माण इकाई के बारे में गुप्त सूचना की जानकारी आईएसआई के साथ साझा करने के आरोप में एटीएस की नासिक इकाई द्वारा गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले पांच अक्तूबर को नासिक से ही एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था। 5 रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। डीआरडीओ ने शुक्रवार को पूर्वी तट से सुखोई-30 लड़ाकू विमान से एंटी-रेडिएशन मिसाइल रुद्रम का सफलतापूर्वक परीक्षण किया। इस मिसाइल को डीआरडीओ द्वारा विकसित किया गया है। भारत में बनाई गई ये अपने आप की पहली मिसाइल है जिसे किसी भी ऊंचाई से दागा जा सकता है। मिसाइल किसी भी तरह के सिग्नल और रेडिएशन को पकडने में सक्षम है। साथ ही अपनी रडार में लाकर ये मिसाइल नष्ट कर सकती है। 6 रामविलास पासवान के निधन के बाद अब केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इससे पहले रामविलास पासवान के पास यह मंत्रालय था लेकिन बीमारी का इलाज कराने के दौरान गुरुवार को उनका निधन हो गया था, जिसके बाद मंत्रालय में मंत्री का पद खाली हो गया था। राष्ट्रपति भवन ने एक प्रेस रिलीज जारी कर इसकी जानकारी दी है। अब पीयूष गोयल के पास रेल मंत्रालय, वाणिज्य-उद्योग मंत्रालय के साथ-साथ उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय का अतिरिक्त कार्यभार भी हो गया है। 7 त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने कहा कि पूर्वोत्तर राज्य में 80 फीसदी घरों में अगर स्वामी विवेकानंद की तस्वीरें हों तो भाजपा सरकार यहां अगले तीन दशक तक सत्ता में रह सकती है। पार्टी की इकाई भाजपा महिला मोर्चा के सदस्यों को संबोधित करते हुए देब ने कार्यकर्ताओं से स्वामी विवेकानंद के संदेशों का प्रसार करने और राज्य में लोगों को प्रोत्साहत करने के लिए उनकी तस्वीरें बांटने को कहा। देब ने कहा, मैंने देखा है, यहां तक की मेरे गांव में भी लोगों ने कम्युनिस्ट नेता ज्योति बसु, जोसफ स्टालिन, माओ जेडोंग की तस्वीरें घरों में लगा रखी हैं। 8 नेशनल कंट्रोल फॉर डिजीज कंट्रोल (एनसीडीसी) की एक रिपोर्ट सामने आई है जो राजधानी दिल्ली के लिए बेहद चिंताजनक है। इस रिपोर्ट के अनुसार आने वाली सर्दी और त्योहारों के सीजन में दिल्ली में प्रतिदिन 15000 केस आ सकते हैं जिसके लिए राजधानी को तैयार रहना होगा। इस रिपोर्ट में तीन मुख्य बिंदुओं का विशेष उल्लेख है जो दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं पर दबाव बढ़ा सकते हैं। इसमें पहला है सर्दी का मौसम जो सांस की बीमारी को ज्यादा खराब करता है। 9 न्यूज ब्रॉडकास्टिंग स्टैंडर्ड अथॉरिटी (एनबीएसए) ने हिंदी समाचार चैनल आजतक पर एक लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई सुशांत सिंह राजपूत से जुड़े फर्जी ट्वीटों के प्रसारण की वजह से की गई है। चैनल को ऑन एयर माफी मांगने के लिए भी कहा गया है। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को रेगुलेट करने वाले एक स्व-नियामक निकाय एनबीएसए ने कहा कि आजतक ने ट्वीटों को प्रसारित करते वक्त उचित प्रक्रिया का पालन नहीं किया। माफीनामे की तारीख, टेक्स्ट और समय अथॉरिटी तय करेगी, जिसके बारे में न्यूज चैनल को बता दिया जाएगा। 10 बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में लोजपा ने अपने 41 उम्मीदवार मैदान में उतार दिए। भाजपा से दोस्ती बरकरार रखी, वहीं नीतीश कुमार के 35 उम्मीदवारों के खिलाफ अपने प्रत्याशी खड़े कर दिए। को बर्बाद करना है। लोजपा ने राजग गठबंधन के हम और वीआईपी को भी चुनौती दी। हम के 6 और वीआईपी की एक सीट पर अपनी उम्मीदवारी से राजग गठबंधन को भी चुनौती दी है। पार्टी सूत्रों की मानें तो आने वाले दूसरे चरण और तीसरे चरण के चुनाव में भी लोजपा की यही नीति रहेगी। 11 देश में पिछले 24 घंटे के दौरान कोविड-19 के 70,496 नए मामले सामने आने के बाद शुक्रवार को संक्रमितों की कुल संख्या 69 लाख से अधिक हो गई है। वायरस के कारण एक दिन में 964 मरीजों की मौत हुई है। वहीं संक्रमण से स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 59,06,070 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार देश में अब तक कोविड-19 के 69,06,152 मामले सामने आए हैं। वहीं पिछले 24 घंटे में 964 लोगों की संक्रमण से मौत होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 1,06,490 पर पहुंच गई है।