Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
अंतर्राष्ट्रीय
28-Aug-2020

1 जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने स्वास्थ्य समस्याओं की वजह से शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। 65 साल के आबे लंबे समय से पेट से जुड़ी बीमारी से जूझ रहे हैं। वे इस महीने दो बार 17 और 24 अगस्त को अस्पताल जा चुके हैं। इसके बाद से ही जापानी मीडिया में उनके स्वास्थ्य को लेकर चर्चा चल रही थी। आबे नहीं चाहते कि उनकी सेहत के कारण सरकार के कामकाज पर किसी तरह का असर पड़े। ऐसे में उन्होंने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पद छोडने की घोषणा कर दी। 2 रूस ने दुनिया के सबसे बड़े परमाणु बम विस्फोट का वीडियो अब दुनिया के सामने जारी कर दिया है। इस वीडियो में उस परमाणु बम विस्फोट की पूरी जानकारी भी दी गई है। इसका परीक्षण 30 अक्टूबर 1961 को किया गया था, जब सोवियत संघ और अमेरिका के बीच शीत युद्ध चरम पर था। यह हिरोशिमा पर अमेरिका द्वारा गिराए गए परमाणु बम से 3300 गुना ज्यादा शक्तिशाली था। रूस ने बैरंट सागर में इसका परीक्षण किया था और इसकी विनाशक क्षमता को देखते हुए इसे धरती के खात्मे का हथियार कहा जाता है। 3 कोरोना वायरस महामारी के कारण अमेरिका की अर्थव्यवस्था में रिकॉर्डेड इतिहास की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। अमेरिका के वाणिज्य मंत्रालय ने अप्रैल-जून तिमाही के लिए गुरुवार को जारी अपने दूसरे अनुमान में कहा कि अर्थव्यवस्था में 31.7 फीसदी गिरावट आई है। पहले अनुमान में सरकार ने जुलाई के आखिर में कहा था कि जून तिमाही में अमेरिका की इकॉनोमी 32.9 फीसदी गिरी है। इससे पहले अमेरिकी इकॉनोमी के रिकॉर्ड में सबसे बड़ी तिमाही गिरावट 1958 में आई थी। 4 कोरोना वायरस महासंकट से जूझ रहे भारत के पास निश्चित रूप से साल 2021 की पहली तिमाही के भीतर अप्रूव्ड वैक्सीन होगा। साथ ही पैमाने के हिसाब से पुणे स्थित दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीन निर्माता सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया अपनी पहली वैक्सीन वितरित करने की स्थिति में होगा। यह जानकारी एक शीर्ष वॉल स्ट्रीट रिसर्च और ब्रोकरेज फर्म, बर्नस्टीन रिसर्च की रिपोर्ट से मिली है। कहा गया है कि अनुमान के तौर पर सरकार के लिए प्रति खुराक खरीद मूल्य तीन डॉलर और उपभोक्ताओं के लिए प्रति खुराक मूल्य छह डॉलर होने की संभावना है। 5 पाकिस्तानी सेना के जनरल किस तरह से अपने देश को बेच खाने में लगे हैं, इसका एक ताजा उदाहरण सामने आया है। चीन-पाकिस्तान इकनॉमिक कॉरिडोर के चेयरमैन जनरल असीम सलीम बाजवा और उनके परिवार के बड़े आर्थिक खेल का खुलासा हुआ है। बाजवा पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता थे और बाद में रिटायर होने पर चीन से करीबी को देखते हुए सीपीईसी के चेयरमैन बना दिए गए। बाजवा के परिवार ने उनके सेना में रहने के दौरान और उसके बाद अब तक 99 कंपनियां और 133 रेस्टोरेंट बना लिए हैं।