एमसीबी जिले के चिरमिरी में विकास के नाम पर बन रही सड़क अब सवालों के घेरे में है। हल्दीबाड़ी से बड़ा बाजार को जोड़ने वाली करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी बीटी सड़क के निर्माण पर लगभग 1 करोड़ 74 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। लेकिन निर्माण शुरू होते ही इसकी गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।आरोप है कि कहीं पुरानी नाली के बेस पर ही नई दीवार खड़ी की जा रही है तो कहीं सड़क के बेस मटेरियल में गिट्टी के साथ मिट्टी मिलाई जा रही है। इतना ही नहीं पाइप कटिंग के लिए निर्माण स्थल पर घरेलू गैस सिलेंडर के इस्तेमाल का आरोप भी सामने आया है। इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं कि क्या इसके लिए अनुमति ली गई थी और क्या जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी थी।निर्माण कार्य की गुणवत्ता और कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस ने जांच की मांग की है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि निष्पक्ष जांच कर खामियां दूर नहीं की गईं तो आंदोलन किया जाएगा। वहीं चिरमिरी नगर निगम महापौर ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजकर जांच कराने की बात कही है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि निर्माण में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और यदि अनियमितता मिलती है तो जिम्मेदारी किसकी तय होती है। राजधानी रायपुर के सदर बाजार स्थित विधि ज्वेलर्स एंड बुलियन में करीब 1 करोड़ 88 लाख रुपये के सोने चांदी और हीरे के आभूषणों की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो महिलाओं ने खुद को नगर निगम के आवास विभाग में कार्यरत बताकर ज्वेलरी कारोबारी का भरोसा जीता और बड़ी मात्रा में आभूषण लेकर फरार हो गईं।पुलिस के मुताबिक 24 अगस्त को किरण साहू अपनी साथी के साथ दुकान पहुंची और करीब 37 लाख रुपये के आभूषण लिए। इसके बाद 26 अगस्त को दोनों दोबारा दुकान पहुंचीं और करीब 1 करोड़ 73 लाख रुपये के सोने चांदी और हीरे के आभूषण ले गईं। भुगतान के लिए दिए गए चेक में गलत हस्ताक्षर पाए गए और 15 लाख रुपये का एक चेक बैंक से अनादरित हो गया। इसके बाद आरोपी भुगतान को लेकर टालमटोल करती रहीं।शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए किरण साहू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर धोखाधड़ी से हासिल आभूषणों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। वहीं उसकी फरार साथी की तलाश जारी है। छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कटने के मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने निर्वाचन आयोग से सूची सार्वजनिक करने की मांग की है। बघेल ने कहा कि आयोग जिन 19 से 20 लाख लोगों के नहीं मिलने की बात कह रहा है उनकी पूरी सूची जारी की जाए ताकि कांग्रेस कार्यकर्ता और आम लोग खुद इन मतदाताओं को ढूंढ सकें।बघेल ने कहा कि यदि एक-एक बूथ की सूची सामने आ जाए तो आसानी से पता लगाया जा सकता है कि संबंधित व्यक्ति मौजूद है या नहीं। उन्होंने सवाल उठाया कि देश की आबादी लगातार बढ़ रही है लेकिन मतदाताओं की संख्या कम कैसे हो रही है। बघेल ने निर्वाचन आयोग से मतदाता सूची को लेकर स्थिति स्पष्ट करने और पूरी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विष्णुदेव साय सरकार को किसान हितैषी सरकार बताते हुए कहा कि सरकार बनने के बाद से लगातार किसानों के हित में फैसले लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और एक एकड़ में 21 क्विंटल धान खरीदने का वादा किया था जिसे पूरा किया जा रहा है।अरुण साव ने कहा कि देश में छत्तीसगढ़ सरकार किसानों को सबसे ज्यादा धान की कीमत दे रही है। साथ ही पूर्व में लंबित दो साल के धान बोनस का भुगतान भी सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों को भी सरकार ने बड़ी राहत दी है।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की खुशहाली और आर्थिक तरक्की के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। दलहन और तिलहन की खेती को बढ़ावा देने के साथ मिलेट्स के उत्पादन और किसानों को प्रोत्साहन देने पर भी सरकार का फोकस है