Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
अंतर्राष्ट्रीय
02-Oct-2026

जबलपुर: एन.एस.सी.बी. मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में तीन दिवसीय राज्यस्तरीय सम्मेलन एमपी माइक्रोकॉन 2026 का प्री-कॉन्फ्रेंस कार्यशालाओं के साथ शुभारंभ हुआ। पाथवेज़ टू प्रिसिजन थीम पर आयोजित इस कार्यशाला में देश के जाने-माने विशेषज्ञों सीएमसी वेल्लोर से डॉ. जॉन प्रकाश NITHR जबलपुर से डॉ. पुष्पेंद्र सिंह एमजीएम इंदौर से डॉ. अखिलेश तोमर और मेडिकल कॉलेज सीकर से डॉ. स्मिता सूद ने डॉक्टरों को बैक्टीरियल रेजिस्टेंस रिकेट्सियोसिस के निदान और खसरा वायरस की मॉलिक्यूलर सीक्वेंसिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. नवनीत सक्सेना और आयोजन अध्यक्ष डॉ. रीति जैन सेठ ने बताया कि सटीक इलाज के लिए आधुनिक जांच बेहद जरूरी है और इस वर्कशॉप से युवा डॉक्टरों को नई तकनीकें सीखने का सीधा अवसर मिला है। जबलपुर: रांझी पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सीएसपी सतीश कुमार साहू के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने तीन अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर 112 पेटियों में रखी देशी व अंग्रेजी शराब जब्त की। कुल 4450 पाव देशी और 96 बोतल व 730 पाव अंग्रेजी शराब बरामद की गई है जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख 32 हजार 580 रुपये बताई जा रही है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि मुख्य सरगना की तलाश जारी है।पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी रवि उर्फ बल्लू पटवा ने अवैध शराब का जखीरा छिपाने के लिए इलाके में किराए पर मकान ले रखे थे। पुलिस की पहली टीम ने महेश यादव को गिरफ्तार कर उसके कमरे से 2 लाख 50 हजार की शराब बरामद की। वहीं दूसरी और तीसरी टीम ने माया चौबे और जॉनी एंथोनी के ठिकानों पर छापा मारकर लाखों की अवैध शराब पकड़ी। कार्रवाई के दौरान महेश यादव और जॉनी एंथोनी को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि मुख्य आरोपी बल्लू पटवा चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। जबलपुर: कैनल क्लब ऑफ महाकौशल द्वारा संस्कारधानी जबलपुर में 3 और 4 अक्टूबर को दो दिवसीय राष्ट्रीय स्तर के मेगा डॉग शो का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कैनल क्लब ऑफ इंडिया के मापदंडों पर होने वाली इस प्रतियोगिता में देशभर से 30 से 35 प्रजातियों के लगभग 350 श्वानों के शामिल होने की संभावना है। यह आयोजन इसलिए भी बेहद खास है क्योंकि मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में इसे पहली बार पॉइंटेड शो का दर्जा प्राप्त हुआ है। इसके अलावा ओबेडिएंस शो भी आयोजित किया जाएगा जिसमें अनुशासित कार्य प्रदर्शन के आधार पर प्योर और मिक्स ब्रीड श्वानों को पुरस्कृत किया जाएगा।कार्यक्रम के तहत शनिवार को 3 स्पेशल ब्रीड शो लैब्राडोर गोल्डन रिट्रीवर और डॉबरमैन के साथ ओबेडिएंस शो होगा जबकि रविवार को ऑल ब्रीड शो आयोजित किया जाएगा। इस शो में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के मुख्य निर्णायक विजेताओं का चयन करेंगे। कैनल क्लब ऑफ महाकौशल के पदाधिकारियों ने शहर के सभी श्वान प्रेमियों को इस भव्य आयोजन में शामिल होने का आमंत्रण दिया है। जबलपुर । गांधी जयंती के पावन अवसर पर केंद्रीय जेल जबलपुर से आजीवन कारावास की सजा काट रहे 5 बंदियों को रिहा कर दिया गया। शासन के नए नियमों के तहत अब साल में दो की जगह 5 विशेष अवसरों पर अच्छे आचरण वाले कैदियों को स्थायी रिहाई दी जाती है। जेल अधीक्षक के अनुसार धारा 302 के तहत 14 साल की सजा पूरी कर चुके कटनी सिवनी बालाघाट और जबलपुर के इन बंदियों का जेल में व्यवहार बेहद सराहनीय रहा जिसके चलते उन्हें समाज की मुख्यधारा में लौटने का यह मौका मिला है।सालों बाद जेल के मुख्य द्वार से बाहर निकलते ही बंदियों के चेहरे पर अपनों से मिलने की खुशी और एक नए जीवन की शुरुआत का भाव साफ दिखाई दिया। 1996 के एक मामले में सजा काट रहे बालाघाट निवासी शिवेंद्र सिंह परिहार ने भावुक होते हुए कहा कि वे अब अपनी बाकी जिंदगी सादगी ईमानदारी और परिवार के बीच बिताना चाहते हैं। जेल प्रशासन का मानना है कि ऐसे पावन अवसरों पर बंदियों की रिहाई से अन्य कैदियों को भी अपना आचरण सुधारने की प्रेरणा मिलती है। जबलपुर । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर टाउन हॉल स्थित गांधी जी की प्रतिमा पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर माल्यार्पण किया। इस दौरान सांसद आशीष दुबे और भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने बापू के सत्य अहिंसा व शांति के सिद्धांतों को याद करते हुए राष्ट्र के प्रति समर्पण और नशामुक्ति जैसे सामाजिक बदलावों के लिए मिलकर काम करने का संकल्प दोहराया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद आशीष दुबे ने कहा कि दोनों महान विभूतियों के त्याग और अतुलनीय योगदान को देश सदैव याद रखेगा। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के दिखाए मार्ग और संकल्पों को आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निष्ठा के साथ आगे बढ़ा रहे हैं जिससे प्रेरित होकर पूरा देश प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उपस्थित वक्ताओं ने गांधी जी और शास्त्री जी की सीखों को वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक बताया। जबलपुर: ओमती थाना क्षेत्र के व्यस्त घंटाघर बाजार में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे शॉर्ट सर्किट की वजह से दो दुकानों में भीषण आग लग गई। रसोई बार के सामने स्थित एमटी डेयरी और पास ही स्थित ब्रांड जंक्शन में अचानक भड़की आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 2 से 3 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं लेकिन तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी और दोनों दुकानों को अपनी चपेट में ले चुकी थी। इस अग्निकांड में दुकानों के भीतर रखा सारा सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया है। प्रारंभिक आंकलन के अनुसार इस हादसे में दुकान संचालकों को लगभग 12 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया जा रहा है। फिलहाल ओमती थाना पुलिस और दमकल टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है और हादसे की विस्तृत जांच की जा रही है। जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र के शारदा चौक स्थित होटल बैलेंसिंग रॉक में शुक्रवार को उस समय हंगामा मच गया जब एक महिला ने कथित तौर पर अपने पति को दूसरी महिला के साथ होटल में देख लिया। पति को दूसरी महिला के साथ देखकर पत्नी ने मौके पर ही विरोध जताना शुरू कर दिया। देखते ही देखते होटल परिसर में विवाद की स्थिति बन गई और काफी देर तक हंगामा चलता रहा।बताया जा रहा है कि महिला को अपने पति के होटल में होने की जानकारी मिली थी जिसके बाद वह वहां पहुंची। कमरे में पति के साथ दूसरी महिला को देखकर वह नाराज हो गई और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। विवाद का वीडियो या अन्य तथ्य सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकती है।