मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मोहन यादव सरकार पर भ्रष्टाचार और अदूरदर्शिता के गंभीर आरोप लगाए हैं। पटवारी ने कहा कि सरदार सरोवर बांध परियोजना में भाजपा की पूर्ववर्ती शिवराज सरकार के समय प्रभावित हुए 178 गांवों के मुआवजे के नाम पर प्रदेश के साथ धोखा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि गुजरात से मिलने वाली 7360 करोड़ की राशि के बदले मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बिना कैबिनेट या विपक्ष से चर्चा किए मात्र 550 करोड़ पर सहमति देकर प्रदेश के हितों का सौदा किया है। पटवारी ने इसे अलीबाबा और चालीस चोर की सरकार बताते हुए 650 करोड़ के नए कर्ज और मोदी गारंटी पर सवाल उठाए। उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री इस समझौते पर श्वेत पत्र जारी करें और सदन में इस पर जवाब दें। उन्होंने सरकार पर मीडिया को दबाने का भी आरोप लगाया।