पटाखा दुकान में लगी आग लगातार होते रहे धमाके भोपाल का बैरागढ़ रोड शुक्रवार तड़के पटाखों के धमाकों से दहल उठा। यहां एक पटाखा दुकान में भीषण आग लग गई। पटाखों की वजह से बार-बार धमाके होते रहे और आग की लपटें करीब 70 फीट ऊपर तक उठ गईं। पटाखा दुकान हलालपुरा में मुख्य सड़क किनारे ही है। दिन में यहां खासा ट्रैफिक रहता है। वहीं आसपास गाड़ियां भी खड़ी रहती है। गनीमत रही कि आग रात में लगी वरना बड़ा हादसा हो सकता था। सुप्रीम कोर्ट में मीनाक्षी नटराजन की याचिका पर सुनवाई आज मध्य प्रदेश से कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किए जाने के मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। कांग्रेस को उम्मीद है कि शीर्ष अदालत से उसे राहत मिल सकती है क्योंकि अब मतदान और मतगणना से पहले न्यायिक हस्तक्षेप की संभावनाओं पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।बता दें कि 8 जून को मीनाक्षी नटराजन ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया। 9 जून को स्क्रूटनी के दौरान भाजपा ने उनके नामांकन पर आपत्ति दर्ज कराई। भाजपा का आरोप था कि उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज एक केस की जानकारी नामांकन पत्र में नहीं दी। इस आपत्ति को स्वीकार करते हुए रिटर्निंग अधिकारी (आरओ) ने उनका नामांकन निरस्त कर दिया था। सुबह 11:30 बजे दिल्ली कांग्रेस मुख्यालय में मीनाक्षी नटराजन इस मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करने जा रही हैं। एमपी-हादसे में केंद्रीय मंत्री राजनाथ के रिश्तेदार की मौत इंदौर में सड़क हादसे में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के रिश्तेदार की मौत हो गई। एक्सीडेंट शिप्रा थाना इलाके में गुरुवार रात करीब 11 बजे हुआ। शुक्रवार सुबह शव को एयरलिफ्ट कर दिल्ली भेज दिया गया है। अंतिम संस्कार उत्तर प्रदेश के वाराणसी में होगा। मृतक की पहचान प्रभात सिंह (29) के रूप में हुई है। वे उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में रेवती गाय घाट के रहने वाले थे। उनके पिता प्रदीप सिंह रिश्ते में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह के भाई लगते हैं। पुलिस के मुताबिक प्रभात तीन परिचितों के साथ किसी काम से देवास आए थे। गुरुवार रात वे कार से इंदौर की तरफ आ रहे थे। शिप्रा के पास किसी काम से गाड़ी रोकी। जब वापस कार में बैठने लगे इसी दौरान तेज रफ्तार बस ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में प्रभात के सिर में गहरी चोट आई। साथी उन्हें लेकर अरबिंदो अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ट्विशा केस-गिरिबाला के कार्यकाल में नियुक्त वकीलों पर उठाए सवाल भोपाल में एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में अब कानूनी सहायता व्यवस्था (लीगल एड) से जुड़े वकीलों की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं। ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (एमपीएसएलएसए) और चीफ जस्टिस विवेक रूसिया को शिकायत भेजकर कुछ लीगल एड वकीलों तथा एक अधिकारी की भूमिका की जांच कराने की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को नि:शुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए नियुक्त लीगल एड से जुड़े कुछ वकील आरोपी गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह के पक्ष में सक्रिय दिखाई दिए। शिकायतकर्ता का कहना है कि इनकी नियुक्ति उस समय हुई थी जब गिरिबाला सिंह भोपाल में जिला एवं सत्र न्यायाधीश थीं। पिता ने शिकायत के साथ एक फोटो भी भेजा है जिसमें लीगल एड डिफेंस काउंसिल योजना से जुड़े सहायक अधिवक्ता श्रेयस सक्सेना कथित तौर पर समर्थ सिंह की शादी में डांस करते दिखाई दे रहे हैं। शिकायत में दावा किया गया है कि 15 मई को अग्रिम जमानत याचिका की सुनवाई के दौरान भी वे आरोपी पक्ष के निजी वकील के साथ अदालत में मौजूद थे। MP के भिंड-मुरैना समेत 6 जिलों में ओले का अलर्ट मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री 3 से 4 दिन देरी से हो सकती है। IMD (मौसम केंद्र) के मुताबिक दक्षिणी हिस्से के जिलों से मानसून 17-18 जून को दस्तक देगा। यदि सब ठीक रहा तो अगले 10 से 15 दिन में पूरे प्रदेश को कवर कर लेगा। इससे पहले प्री-मानसून की एक्टिविटी जारी रहेगी। मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को मुरैना भिंड दतिया निवाड़ी टीकमगढ़ और छतरपुर में ओलावृष्टि होने का भी अनुमान है। वहीं भोपाल रायसेन सीहोर राजगढ़ विदिशा बुरहानपुर खंडवा नीमच आगर-मालवा मंदसौर शाजापुर देवास नर्मदापुरम बैतूल हरदा ग्वालियर गुना शिवपुरी अशोकनगर श्योपुर जबलपुर कटनी छिंदवाड़ा सिवनी नरसिंहपुर बालाघाट मंडला डिंडौरी पांढुर्णा रीवा सतना सीधी सिंगरौली मऊगंज मैहर शहडोल उमरिया अनूपपुर सागर पन्ना और दमोह में तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। आंधी की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक होने का अनुमान है।