2 से ज्यादा बच्चों पर नौकरी रोकने का नियम निरस्त:CM ने प्रावधान हटाने के दिए आदेश मध्यप्रदेश में सरकारी नौकरी के लिए प्रस्तावित “दो बच्चों की अधिकतम सीमा” वाला प्रावधान लागू नहीं होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) के प्रस्तावित प्रारूप नियम को निरस्त करने के निर्देश दिए हैं। इसमें दो से अधिक जीवित संतान वाले उम्मीदवारों को शासकीय सेवा के लिए अपात्र घोषित करने का प्रावधान रखा गया था। मुख्यमंत्री ने इस प्रारूप नियम को तत्काल पोर्टल से हटाने के भी निर्देश दिए हैं। मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज मध्य प्रदेश की तीसरी राज्यसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज कर दिया गया है। बीजेपी की आपत्ति पर मंगलवार को रिटर्निंग ऑफिसर ने ये फैसला लिया है। भाजपा का आरोप था कि मीनाक्षी ने तेलंगाना की हैदराबाद कोर्ट में लंबित एक मामले की जानकारी नामांकन पत्र में छिपाई है। पर्यवेक्षक ने कारण बताओ नोटिस जारी कर आज शाम तक जवाब मांगा था। .सरकार को 800करोड़ का राजस्व मिलेगा भोपाल मेट्रो रेल परियोजना को पूरा करने के लिए मध्यप्रदेश सरकार ने इसकी बढ़ी हुई लागत को मंजूरी दे दी है। मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में परियोजना की संशोधित लागत को मंजूरी दी। अब भोपाल मेट्रो परियोजना पर कुल 10033 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसके साथ ही अब सरकार ने कपास पर लगने वाले मंडी शुल्क को घटाकर अन्य उपज पर लगने वाले मंडी शुल्क को बढ़ा दिया है। बढ़े शुल्क से सरकार को 800 करोड़ का राजस्व मिलेगा। बड़वाह ओंकारेश्वर खेड़ीघाट को मिलाकर बनेगा विकास प्राधिकरण प्रदेश में सिंहस्थ 2028 के लिए बनाई गई मंत्रिमंडलीय समिति ने ओंकारेश्वर में बड़वाह ओंकारेश्वर और खेड़ी घाट क्षेत्र को मिलाकर नया विकास प्राधिकरण गठित करने को मंजूरी दे दी है। इससे खंडवा और खरगोन जिले के विकास कार्यों में तेजी आएगी। इसके साथ ही समिति ने ओंकारेश्वर में हेलीपैड और अस्पताल बनाने को भी स्वीकृति दी है। यह निर्माण कार्य किसी भी तरह की आपदा के दौरान सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। भोपाल में खुले में कचरा फेंका जलाया तो जुर्माना भोपाल के ISBT स्थित निगम के मीटिंग हॉल में मंगलवार को ठोस अपशिष्ट एवं प्रबंधन के नए नियमों पर प्रजेंटेशन दिया गया। निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी की मौजूदगी में एक्सपर्ट अतुल खरे ने बताया कि खुले में कचरा फेंक या जलाया तो निगम सख्ती करते हुए जुर्माना करेगा। बिना निगम की अनुमति से यदि 100 लोगों का कार्यक्रम भी कर रहे हैं तो निगम को 3 दिन पहले जानकारी देना होगी। मीटिंग में कांग्रेस पार्षद देवांशु कंसाना ने कहा कि मेरे वार्ड की एक झुग्गी से आंधी की वजह से गिरा पेड़ छह दिन में ही उठा। यदि एक छोटे से काम में इतना वक्त लगेगा तो समझ सकते हैं कि काम की रफ्तार कितनी है? इससे मैं हताश हूं।