Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
अंतर्राष्ट्रीय
22-May-2026

भोजशाला फैसले के बाद आज पहला शुक्रवार हवन-पूजन महाआरती होगी मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच द्वारा बीती 15 मई को भोजशाला को मंदिर घोषित किए जाने के बाद आज पहला शुक्रवार है। हिंदू समाज यहां आज दोपहर 1 से 3 बजे तक हवन-पूजन और महाआरती करने वाला है। भोज उत्सव समिति के संरक्षक अशोक जैन ने कहा कि हम शोभायात्रा भी निकालने वाले थे जिसे किसी वजह से रद्द कर दिया गया है। इधर हाईकोर्ट के फैसले से निराश मुस्लिम पक्ष गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया। आदेश को एकतरफा बताते हुए काजी मोइनुद्दीन ने गुरुवार रात करीब 8:‍30 बजे विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) दाखिल की है। सदर अब्दुल समद ने कहा- कमाल मौला मस्जिद में 700 साल से जुमे की नमाज अदा होती रही है। इस परंपरा को प्रभावित किए जाने से समाज में दुख है लेकिन लड़ाई पूरी तरह संवैधानिक और कानूनी दायरे में ही लड़ी जाएगी। ईएसबी और पीएससी के भर्ती नियमों में बदलाव करेगी सरकार राज्य सरकार प्रदेश में सरकारी नौकरी के लिए भर्ती करने वाली दो एजेंसियों के भर्ती नियमों में बदलाव करने जा रही है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इसके लिए मप्र लोक सेवा आयोग और मप्र कर्मचारी चयन मंडल के भर्ती नियमों में बदलाव का ड्राफ्ट तैयार किया है और पांच जून से इसको लेकर प्रदेश के लोगों से सुझाव मांगे हैं। प्रस्तावित नियमों के अनुसार अब मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग को छोड़कर सभी सरकारी भर्तियां कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) के माध्यम से होंगी। नए नियम 1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगे और 2013 के पुराने नियमों की जगह लेंगे। सरकार ने 5 जून 2026 तक आम जनता से सुझाव और आपत्तियां मांगी हैं। एमपी में पेट्रोल-डीजल की मांग बढ़ी कंपनियों की सख्ती मध्य प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती मांग को देखते हुए तेल कंपनियों ने पेट्रोल पंपों की निगरानी और कड़ी कर दी है। कंपनियों ने निर्देश दिए हैं कि यदि किसी ग्राहक को एक बार में 5 हजार रुपए से अधिक का पेट्रोल या 10 हजार रुपए से ज्यादा का डीजल दिया जाता है तो पंप संचालक को इसकी पूरी जानकारी देनी होगी कि ईंधन किसे और किस उद्देश्य से दिया गया। कंपनियों ने थोक बिक्री की सीमा भी तय कर दी है। तय सीमा से अधिक ईंधन बिक्री होने पर पंप संचालकों से जवाब मांगा जा रहा है। संतोषजनक कारण नहीं मिलने पर संबंधित पंप के नोजल तक बंद किए जा सकते हैं। महिला के पेट से निकली फुटबॉल के आकार की गांठ इंदौर में डॉक्टरों ने एक जटिल और दुर्लभ चिकित्सा सर्जरी कर महिला के पेट से फुटबॉल के आकार की बड़ी गांठ निकालकर नया जीवन दिया। कुछ दिनों बाद पेट में तेज दर्द और अत्यधिक रक्तस्राव की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची थी। जांच में पता चला कि उसके पेट में करीब आठ माह की गर्भावस्था जितनी बड़ी फाइब्रॉइड गांठ डेवलप हो चुकी है। एमपी के 4 जिलों में तेज लू का रेड अलर्ट मध्य प्रदेश में नौतपा शुरू होने से पहले ही भीषण गर्मी पड़ रही है। आलम यह है कि सुबह 9 से 11 बजे के बीच पारा 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। मौसम केंद्र (IMD) भोपाल के अनुसार अगले 10 दिन यानी 31 मई तक गर्मी का यह दौर अपने पीक पर रहेगा। शुक्रवार को निवाड़ी छतरपुर पन्ना और सतना में तीव्र लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जगहों पर पारा 46 डिग्री के पार जाने की आशंका है।