सीएम हाउस के पास चौराहों पर धरना-प्रदर्शन पर रोक भोपाल में अब शहर के सबसे व्यस्त चौराहों पर धरना-प्रदर्शन और पुतला दहन जैसे कार्यक्रम नहीं हो सकेंगे। पुलिस आयुक्त द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी कर पॉलिटेक्निक चौराहा आकाशवाणी चौराहा और किलोल पार्क चौराहा सहित आसपास के क्षेत्रों को प्रतिबंधित घोषित कर दिया गया है। आदेश में कहा गया है कि ये चौराहे शहर के मुख्य मार्गों पर स्थित हैं और यहां से एयरपोर्ट हमीदिया अस्पताल सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों के लिए आवागमन होता है। इन जगहों पर धरना-प्रदर्शन या आंदोलन होने से यातायात बाधित होता है जिससे आम लोगों को परेशानी होती है। साथ ही एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित होती हैं। मालेगांव ब्लास्ट केस- हाईकोर्ट ने ट्रायल रोका 2006 में मालेगांव में हुए ब्लास्ट मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट ने अहम आदेश देते हुए निचली अदालत में चल रही कार्यवाही पर रोक लगा दी है। इस फैसले से महू के लोकेश शर्मा और देपालपुर के राजेंद्र चौधरी सहित धनसिंह और मनोहर नरवरिया को बड़ी राहत मिली है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने लोकेश राजेंद्र और दिवंगत सुनील जोशी समेत अन्य के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। जांच का मुख्य आधार स्वामी असीमानंद का 2010 का बयान था जिसमें उन्होंने धमाके में ‘छह लड़कों’ के शामिल होने की बात कही थी। हालांकि बाद में उन्होंने यह बयान वापस लेते हुए कहा कि यह दबाव में दिलवाया गया था। सुनवाई के दौरान आरोपियों के वकील कौशिक म्हात्रे ने कोर्ट में दलील दी कि मामले में कोई प्रत्यक्षदर्शी गवाह नहीं है। साथ ही जिस बयान को अन्य अदालतें पहले ही खारिज कर चुकी हैं उसके आधार पर आरोप तय नहीं किए जा सकते। हाईकोर्ट ने इन तर्कों को स्वीकार करते हुए ट्रायल पर रोक लगा दी। लोकेश शर्मा और राजेंद्र चौधरी को 2013 में गिरफ्तार किया गया था और वे करीब 6 साल जेल में रहे। 2019 में हाईकोर्ट से जमानत मिलने के दौरान भी कोर्ट ने टिप्पणी की थी कि बिना ट्रायल पूरा हुए इतने लंबे समय तक जेल में रखना उचित नहीं है। MP में 4 महीने की बच्ची की कुपोषण से मौत मध्य प्रदेश के सतना जिले में कुपोषण से 4 महीने की बच्ची की मौत हो गई जबकि जुड़वां भाई की हालत गंभीर है। उसे सतना जिला अस्पताल से रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया जहां वह PICU में भर्ती है। दोनों बच्चे करीब 15 दिन से उल्टी-दस्त बुखार और डायरिया से पीड़ित थे। मृत बच्ची सुप्रांशी सुरांगी निवासी विमला और नत्थू प्रजापति की बेटी थी। उसके जुड़वां भाई का नाम नैतिक है। सही पोषण और समय पर इलाज न मिलने से दोनों की हालत बिगड़ती गई। परिजन बच्चों का इलाज जुगुलपुर गांव के झोलाछाप से कराते रहे। भाई की शादी में नाचा अगले दिन लगा ली फांसी रतलाम में पटवारी रविशंकर खराड़ी ने अपने ही घर की तीसरी मंजिल पर साफे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। एक दिन पहले वे छोटे भाई की शादी में शामिल होकर डांस करते दिखे थे। पुलिस को कमरे से 3 मोबाइल और बेड के नीचे से ऑरिजनल सुसाइड नोट मिला है। सुसाइड से पहले उन्होंने व्हाट्सएप पर पटवारी संघ के आलोट तहसील अध्यक्ष नरेंद्र वर्मा को भी नोट भेजा था। जिसमें नायब तहसीलदार सविता राठौर पर काम का दबाव बनाने गलत काम कराने और छोटे भाई की शादी में छुट्टी न देने के आरोप लगाए गए हैं। जांच में सामने आया है कि उन्हें 4 दिन में 3 कारण बताओ नोटिस मिले थे। इसके बाद उन्होंने वॉट्सएप ग्रुप पर पूछा था मेरे साथ कितने पटवारी सपोर्ट करेंगे? वहीं कलेक्टर ने नायब तहसीलदार सविता राठौर को बुधवार को निलंबित कर दिया। दबाव बनाकर काम कराने के आरोप सामने आने पर कार्रवाई की गई है। MP का टूरिस्ट स्पॉट खजुराहो सबसे गर्म पारा 43.4°C एमपी में भीषण गर्मी का दौर है। बुधवार को प्रमुख टूरिस्ट स्पॉट खजुराहो सबसे गर्म रहा। यहां पारा 43.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। नर्मदापुरम दूसरा और नौगांव प्रदेश का तीसरा गर्म शहर रहा। गुरुवार को भी तेज गर्मी रहेगी। ग्वालियर समेत 19 जिलों में लू का अलर्ट है। भोपाल इंदौर उज्जैन-जबलपुर भी गर्म रहेंगे। IMD (मौसम केंद्र) भोपाल ने गुरुवार को ग्वालियर भिंड दतिया निवाड़ी टीकमगढ़ छतरपुर पन्ना सतना रायसेन नर्मदापुरम छिंदवाड़ा पांढुर्णा सिवनी मंडला बालाघाट रतलाम झाबुआ धार और अलीराजपुर में लू का अलर्ट जारी किया है। इससे पहले बुधवार को तेज गर्मी रही। खजुराहो में पारा 43.4 डिग्री पहुंच गया। वहीं नर्मदापुरम में 43.2 डिग्री नौगांव में 43 डिग्री रहा। रायसेन में 42.4 डिग्री नरसिंहपुर-सीधी में 42 डिग्री टीकमगढ़-रतलाम में 41.8 डिग्री दतिया में 41.7 डिग्री शाजापुर में 41.6 डिग्री दमोह में 41.5 डिग्री रीवा-सागर में 41.4 डिग्री मंडला में 41.2 डिग्री उमरिया धार-मलाजखंड में 41.1 डिग्री खरगोन-श्योपुर में 41 डिग्री गुना में 41.7 डिग्री खंडवा में 40.5 डिग्री सिवनी-छिंदवाड़ा में पारा 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।