Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
क्षेत्रीय
14-Apr-2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अपने निवास कार्यालय में भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव विधायक रोहित साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बाबा साहब अम्बेडकर सामाजिक न्याय समानता और मानवाधिकारों के प्रतीक थे जिन्होंने वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए अपना जीवन समर्पित किया। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा द्वारा समरसता भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य रूप से शामिल हुए और बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया। सांसद अग्रवाल ने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर संविधान के रचयिता और सामाजिक समानता के प्रतीक हैं। उनके विचारों को आगे बढ़ाते हुए समरसता और छुआछूत खत्म करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का जिक्र करते हुए कहा कि यह महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम है जिसका सभी को समर्थन करना चाहिए। खैरागढ़ जिले डोकराभाटा सहकारी सोसाइटी में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है जिसमें करीब आठ गांवों के किसानों के साथ धोखाधड़ी की गई। किसानों के खातों में जरूरत से अधिक खाद चढ़ाने के साथ ही बिना जानकारी के हजारों से लाखों रुपये तक का केसीसी लोन दर्ज कर दिया गया। इस गड़बड़ी के चलते किसान न खाद ले पा रहे हैं और न ही बीज जिससे खेती प्रभावित हो रही है। मामले में किसान कांग्रेस अध्यक्ष देवराज किशोर किसानों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। प्रशासन ने चार विभागों की संयुक्त जांच टीम गठित कर दो दिनों में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। पहले भी 21 किसानों ने शिकायत की थी लेकिन पूर्व जांच से किसान संतुष्ट नहीं थे। नशे के खिलाफ अभियान के तहत बस्तर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 54 किलो गांजा जिसकी कीमत करीब 26.97 लाख रुपये है बरामद किया गया। बोधघाट थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि गोयल धर्मशाला के एक कमरे में ठहरे युवक गांजा राजस्थान ले जाने की तैयारी में हैं। इसके बाद एसपी शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में टीम गठित कर दबिश दी गई। कार्रवाई में कमरे से 4 बैग में रखे 7 पैकेट (54 किलो) गांजा 6 मोबाइल और ₹2500 नगद जब्त किए गए। सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। रायगढ़ जिले में संगठित साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने फर्जी मैट्रिमोनियल साइट के जरिए चल रहे बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। यह रैकेट लोक सेवा केंद्र की आड़ में संचालित हो रहा था जहां यूट्यूब और फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल के जरिए लोगों को शादी के नाम पर ठगा जा रहा था। एसएसपी शशिमोहन सिंह के निर्देशन में साइबर थाना महिला थाना और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने दरोगापारा स्थित कार्यालय पर छापा मारा। जांच में सामने आया कि लाइसेंस निरस्त होने के बाद आरोपियों ने “इंडिया मैट्रिमोनी” नाम से फर्जी प्लेटफॉर्म बनाकर ठगी शुरू कर दी। आरोपी फर्जी जीमेल आईडी और मोबाइल नंबर से संपर्क कर पहले रजिस्ट्रेशन फीस फिर मीटिंग के नाम पर अतिरिक्त रकम यूपीआई और व्हाट्सएप क्यूआर कोड से वसूलते थे। पैसे लेने के बाद संपर्क तोड़ देते थे। कार्रवाई में लैपटॉप फर्जी दस्तावेज विभिन्न विभागों की नकली मुहरें और डिजिटल डेटा जब्त किया गया है। पुलिस के मुताबिक यह एक बड़ा संगठित साइबर फ्रॉड नेटवर्क हो सकता है जिसकी जांच जारी है।