Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
क्षेत्रीय
02-Apr-2026

जबलपुर। राज्य सायबर पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार चलाए जा रहे ऑपरेशन F.A.C.E. के तहत जबलपुर सायबर सेल ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के मार्गदर्शन में टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अंबेश झारिया निवासी सिवनी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने वर्ष 2019 में पैसों के लालच में आकर अपने एक साथी के साथ मिलकर विभिन्न आधार कार्डों पर अपनी फोटो लगाकर फर्जी नाम-पतों से कुल 63 सिम कार्ड एक्टिवेट कराए थे। ​पुलिस ने इस मामले में थाना अपराध के तहत धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। सायबर सेल अब उन POS एजेंटों और अन्य साथियों की तलाश कर रही है जिनकी इस फर्जीवाड़े में संलिप्तता रही है। इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक अनूप नामदेव और उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही। जबलपुर। शहर को भिक्षावृत्ति से मुक्त करने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान को लेकर निगम कमिश्नर ने प्रेस वार्ता के दौरान विस्तृत चर्चा की। पत्रकारों से बात करते हुए कमिश्नर ने बताया कि इस अभियान का मुख्य लक्ष्य भिक्षुओं का पुनर्वास करना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर के प्रमुख चौराहों और धार्मिक स्थलों पर सक्रिय भिक्षुओं की काउंसलिंग की जा रही है साथ ही बच्चों को इस दलदल से निकालकर शिक्षा की ओर अग्रसर करने के प्रयास जारी हैं। कमिश्नर ने आम जनता से भी अपील की है कि वे भिक्षुओं को नकद राशि देने के बजाय उनके पुनर्वास में निगम का सहयोग करें। अभियान के तहत चिह्नित किए गए व्यक्तियों के लिए आश्रय स्थल और कौशल विकास की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। ​जबलपुर। हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर गुरुवार को संस्कारधानी जबलपुर पूरी तरह भगवामय और भक्ति के रस में डूबी नजर आई। सुबह से ही शहर के प्रमुख हनुमान मंदिरों में जय हनुमान ज्ञान गुन सागर के जयघोष गूंजने लगे और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। ग्वारीघाट स्थित रामलला मंदिरों में विशेष पूजन-अर्चन सुंदरकांड पाठ और हवन संपन्न हुए। विशेष रूप से ग्वारीघाट में बालरूप हनुमान की प्रतिमा के दर्शन के लिए भारी भीड़ रही जहाँ अर्जी के लाखों नारियलों का सामूहिक हवन भी किया गया। शहर की गली-गली में आयोजित भंडारों और प्रसादी वितरण ने उत्सव को और भी भव्य बना दिया। कई मंदिरों में अखंड रामायण और हनुमान चालीसा के पाठ से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा। जबलपुर स्थित वाइल्ड लाइफ फॉरेंसिक साइंस इंस्टीट्यूट में नरसिंहपुर से उपचार के लिए लाए गए एक तेंदुए के पिंजरे से बाहर निकलने के कारण गुरुवार को क्षेत्रीय नागरिकों और अस्पताल परिसर में हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नरसिंहपुर क्षेत्र से इस घायल तेंदुए को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जबलपुर स्थानांतरित किया गया था। पशु चिकित्सालय के परिसर में रहने के दौरान मानवीय त्रुटि या तकनीकी खराबी के कारण पिंजरे का दरवाजा खुला रह गया जिससे तेंदुआ बाहर निकल आया। वन्य प्राणी के खुले में घूमने की सूचना मिलते ही शहरवासियों में भारी दहशत फैल गई और सुरक्षा की दृष्टि से सतर्कता बढ़ा दी गई। तेंदुए की मौजूदगी की खबर पाकर वन विभाग की रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी शुरू की। विशेषज्ञों की टीम ने सूझबूझ का परिचय देते हुए पशु चिकित्सालय के दायरे में ही तेंदुए को सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर दोबारा सुरक्षित रूप से पकड़ लिया। ​जबलपुर। हनुमानताल थाना अंतर्गत नूरी नगर गेट के पास शादी समारोह से लौट रहे युवक मोनू उर्फ आदिल की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार 31 मार्च की रात घोड़े को दूर रखने की मामूली बात पर जीशान और मोनू के बीच विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते आरोपी जीशान ने अपने साथियों के साथ मिलकर मोनू पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई। ​पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी मो. जीशान और उसके तीन साथियों मो. शहबाज मो. यासीन अराफात और मो. तनवीर को दबोच लिया है। बही इन आरोपियों का पुलिस ने पैदल जुलूस निकाला और जनता का प्रति इनका भय काम करवाने के लिए अपराध करना पाप है पुलिस हमारी बाप है के नारे लगवाएं