Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
अंतर्राष्ट्रीय
19-Mar-2026

बरेला थाना परिसर में आगामी त्योहारों—चैत्र नवरात्र ईद रामनवमी हनुमान जयंती और महावीर जयंती—को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर के विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान जबलपुर ग्रामीण डीएसपी आकांक्षा उपाध्याय और प्रशिक्षु आईपीएस शुभम सिंह ठाकुर ने शासन की गाइडलाइन से अवगत कराया और सभी से त्योहारों को शांति व सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए डीजे व लाउडस्पीकर रात 10 बजे तक सीमित ध्वनि में बजाने के निर्देश दिए गए। साथ ही नगर में साफ-सफाई प्रकाश व्यवस्था यातायात नियंत्रण और जुआ सट्टा व अवैध शराब जैसे अनैतिक कार्यों पर सख्ती से रोक लगाने पर भी चर्चा की गई। जबलपुर में चैत्र नवरात्रि के पहले दिन शहर के दुर्गा मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही भक्त माता रानी के दर्शन और पूजन के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे जिससे पूरा वातावरण “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठा। त्रिपुरी सुंदरी मंदिर में सबसे अधिक भीड़ रही जहां दूर-दूर से आए श्रद्धालु लंबी कतारों में दर्शन के लिए खड़े नजर आए। प्रशासन और मंदिर समिति ने बैरिकेडिंग व सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। पहले दिन से ही शहर में भक्ति का माहौल बन गया है जो आने वाले दिनों में और बढ़ेगा। जबलपुर के महाकौशल महाविद्यालय में चैत्र प्रतिपदा एवं भारतीय नववर्ष पर विचारोत्तेजक व्याख्यान आयोजित हुआ। कार्यक्रम संस्कार भारती और इतिहास संकलन समिति के सहयोग से संपन्न हुआ। प्राचार्य प्रो. अलकेश चतुर्वेदी ने भारतीय कालगणना की वैज्ञानिकता पर प्रकाश डालते हुए इसे प्रकृति के चक्र और सौर-चंद्र समन्वय से जुड़ा बताया। मुख्य वक्ता उदय परांजपे ने कहा कि नववर्ष आत्मचिंतन और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक है। डॉ. माला सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने भी परंपराओं के वैज्ञानिक आधार पर विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. ममता गुप्ता ने किया। जबलपुर के अधारताल क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 पेटी देशी शराब जब्त की है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत गांधी चौक कटरा स्थित एक मकान की छत पर दबिश दी गई। यहां से 1250 पाव शराब बरामद कर आरोपी नारायण जायसवाल और विवेक कोरी को गिरफ्तार किया गया जबकि गौरव जायसवाल फरार हो गया। पुलिस ने दो मोबाइल भी जब्त किए हैं और आरोपियों पर आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जबलपुर में शेयर बाजार के नाम पर 2.27 करोड़ रुपए की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। साइबर सेल और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने महिला को रोजाना 5% और लंबी अवधि में 500% रिटर्न का झांसा देकर निवेश कराया। जांच में फर्जी कंपनियों और करंट अकाउंट के जरिए रकम ट्रांसफर करने का खुलासा हुआ। मुख्य आरोपी अभिषेक विश्वकर्मा को नागपुर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया। सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर कार्रवाई जारी है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और केवल SEBI पंजीकृत प्लेटफॉर्म पर निवेश की अपील की है। दत्तात्रेय होसबाले ने संत शिरोमणि रविदास के 650वें प्राकट्य वर्ष पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनके विचार आज भी अत्यंत प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि संत परंपरा ने समाज को एकता भक्ति और समरसता का मार्ग दिखाया है। संत रविदास ने जन्म आधारित भेदभाव का विरोध कर आचरण की श्रेष्ठता को महत्व दिया। उनकी वाणी को गुरु ग्रंथ साहिब में स्थान मिला और मीराबाई ने उन्हें गुरु माना। होसबाले ने समाज को बांटने वाली शक्तियों के खिलाफ एकजुट रहने का आह्वान किया। जबलपुर में क्राइम ब्रांच और पाटन थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में अवैध हथियारों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। सूचना के आधार पर पाटन-तेंदूखेड़ा रोड स्थित भड़या पीपल के पास नाकाबंदी कर काले रंग की Maruti Swift Dzire को रोका गया। तलाशी में चार देसी पिस्टल और आठ कारतूस बरामद हुए। आरोपियों मयंक राजपूत और राहुल उर्फ सूरज सिंह लोधी को मौके से पकड़ा गया। पुलिस ने तीन मोबाइल फोन और कार भी जब्त की है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ जारी है।