रेप के आरोपी उत्तम स्वामी की जबलपुर में कथा रेप के आरोपों में घिरे श्री पंच अग्नि अखाडे़ के महामंडलेश्वर और कथावाचक उत्तम स्वामी इन दिनों जबलपुर में हैं। वे यहां 10 एकड़ में फैले अपने आश्रम में भागवत कथा कर रहे हैं। कथा का आयोजन 9 फरवरी से 15 फरवरी तक है। आश्रम भेड़ाघाट के हीरापुर में है। शुक्रवार को दोपहर 2 बजे शुरू होने वाली कथा साढ़े 3 बजे तक भी शुरू नहीं हो सकी। महामंडलेश्वर अपने कक्ष से बाहर ही नहीं निकले। काफी देर बाद कथा स्थल पर सूचना दी गई कि महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी की तबीयत ठीक नहीं है। इसके बाद उनके स्थान पर एक शिष्य ने व्यासपीठ से कथा शुरू की। कथा स्थल करीब 5 हजार वर्गफीट में बना है इसमें 3 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था है। यहां झूले खाने-पीने समेत अन्य व्यवस्थाएं भी की गई हैं। विधायक बोले- कलेक्टर होते तो हम भी लाठी मारते शहडोल में 12वीं के छात्र को हिरासत में लेकर जेल भेजने के मामले ने सियासी तूफान खड़ा कर दिया है। कांग्रेस की ‘जन आक्रोश रैली’ में नेताओं ने प्रशासन और सरकार पर तीखा हमला बोला। पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को ने मंच से कहा “अगर आज कलेक्टर यहां होते तो हम भी लाठी मारते।” वहीं बिछिया विधायक ने आरोप लगाया कि “प्रदेश में कलेक्टरों को लठैत बना दिया गया है।” धीरेन्द्र शास्त्री को बीजेपी ऑफिस में बैठना चाहिए सीताराम-सीताराम करने भर से धर्म नहीं बचेगा बल्कि माला और भाला रखना होगा। हमें मठों से निकलकर धर्म की रक्षा करनी होगी। ये बात बागेश्वर धाम में 301 कन्याओं के विवाह महोत्सव के दौरान गुरुवार को पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कही। धीरेन्द्र शास्त्री के इस बयान पर कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री मुकेश नायक ने कहा- शास्त्री जी को एक काम करना चाहिए कि इनको विधिवत एक-दो घंटे का समय निकालकर बीजेपी के दफ्तर में बैठना चाहिए। ये बीजेपी के कार्यकर्ता हैं और हमेशा विभाजनकारी बात करते हैं। इन पर तो मुकद्मा दर्ज होना चाहिए। ये भारत का सौहार्द्र बिगाड़ने वाले लोग हैं। सीएम के बागेश्वर धाम जाने पर मुकेश नायक ने कहा- वो (धीरेन्द्र शास्त्री) उनके इतने बडे़ कार्यकर्ता हैं तो वे (सीएम) जाएंगे ही। मेरे पूर्वजों ने अंग्रेजों से लड़ी लालसेना की मदद की खंडवा के गर्ल्स कॉलेज में छात्रोत्सव कार्यक्रम को मंत्री विजय शाह ने गुरुवार को संबोधित किया। मंत्री शाह ने अपने पूर्वजों का आजादी के आंदोलन में योगदान का जिक्र किया। उन्होंने कहा अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाले टंट्या भील को मदद करने के मामले में मेरे दादाजी को दो साल तक अंग्रेजों ने नजरबंद रखा। ये वहीं मकड़ाई राजवंश हैं जिसने ना सिर्फ टंट्या भील जैसे क्रांतिकारी बल्कि उस दौरान अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ लड़ रही नागपुर की हिंदुस्तानी लालसेना तक भी मदद पहुंचाई। एमपी में नदी किनारे अतिक्रमण पर सख्त NGT नेशनल ग्रीन ट्रूब्नल (एनजीटी) ने 3 मामलों में सुनवाई करते हुए संबंधित को आदेश जारी किए हैं। एमपी में नदी किनारे अतिक्रमण पर सख्ती जताई है। वहीं अशोकनगर के तुलसी सरोवर के सीमांकन के निर्देश दिए हैं। रातापानी टाइगर रिजर्व के बफर जोन में अवैध ईंट भट्टों के खिलाफ भी कार्रवाई को कहा है। एनजीटी की भोपाल बैंच के न्यायमूर्ति श्यो कुमार सिंह और विशेषज्ञ सदस्य सुधीर कुमार चतुर्वेदी ने तुलसी सरोवर और मध्य प्रदेश के अन्य जलभूत क्षेत्रों के संरक्षण और सीमांकन के निर्देश दिए हैं। आदेश में कहा गया कि तुलसी सरोवर के चारों ओर सीमांकन (मुनार स्तंभ) दो महीने के भीतर कलेक्टर अशोकनगर द्वारा पूरा किया जाए। सीधी में 40 करोड़ की सरकारी जमीन पर अतिक्रमण सीधी में जिला विपणन कार्यालय की 40 करोड़ रुपए से अधिक की सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का मामला सामने आया है। आरोप राकू कामदार ने इस भूमि पर रातों-रात 11 सिर वाली हनुमान जी की मूर्ति स्थापित कर मंदिर निर्माण शुरू कर दिया है। उसका कहना है कि भगवान ने सपने में मुझे मंदिर बनवाने के लिए कहा था इसलिए बनवाया। इसमें किसी अनुमति लेने की कोई जरूरत ही नहीं। इस संबंध में जिला विपणन कार्यालय के अधिकारियों ने प्रशासन से शिकायत की है। एमपी में खत्म हो रहा सर्दी का असर पहाड़ों में भले ही बर्फबारी हो रही हो लेकिन मध्य प्रदेश में सर्दी का असर खत्म होने लगा है। 15 से ज्यादा शहरों में दिन का टेम्पेरेचर 30 डिग्री पार पहुंच चुका है तो रात में 10 डिग्री से ज्यादा है। अगले 2 दिन तक हल्की ठंड जरूर रहेगी लेकिन फिर न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो जाएगी।IMD (मौसम केंद्र) भोपाल के अनुसार 13 और 16 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में दो विस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव हो रहे हैं। पहाड़ों में इनका असर देखने को मिलेगा लेकिन एमपी में कम रहेगा।