पाकिस्तान जेल से 7 वर्ष बाद रिहा होकर अपने परिजनों से मिला प्रसन्नजीत बोर्ड कक्षाओं की परीक्षा के लिए गोपनीय सामग्रियों का किया वितरण परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने छात्रों को दिए सफलता के मंत्र बालाघाट जिले के खैरलांजी निवासी युवक प्रसन्नजीत रंगारी को पाकिस्तान की जेल में सात वर्ष तक बंद रहने के बाद 31 जनवरी को रिहा किया गया। रिहाई के बाद उसे वाघा बॉर्डर पर भारतीय अधिकारियों को सौंपा गया जहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद प्रसन्नजीत को अमृतसर में रखा गया था। शुक्रवार देर शाम वह कटंगी पहुंचा जहां परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसका स्वागत किया। प्रसन्नजीत की बहन संघमित्रा कटंगी क्षेत्र के महकेपार में रहती हैं इसलिए उसे सीधे वहीं लाया गया। परिवार ने उसे अमृतसर से लाने के लिए जिला प्रशासन से मदद मांगी थी। आर्थिक स्थिति को देखते हुए कलेक्टर मृणाल मीना ने विशेष टीम गठित कर सहायता प्रदान की। बेटे की घर वापसी से परिवार में खुशी का माहौल है। माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जिले में 10 फरवरी से कक्षा 12वीं और 13 फरवरी से कक्षा 10वीं की परीक्षाएं शुरू होंगी। परीक्षा के लिए गोपनीय सामग्री का वितरण शुक्रवार से प्रारंभ कर दिया गया है। पहले दिन 5 विकासखंडों के केंद्राध्यक्षों को नोडल केंद्र शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बालाघाट से सामग्री वितरित की गई। 7 फरवरी को शेष पांच विकासखंडों में वितरण किया जाएगा। जिले में कुल 132 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जहां दोनों कक्षाओं के 39173 विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा संचालन के लिए 2017 शिक्षकों की ड्यूटी पर्यवेक्षक के रूप में लगाई गई है। सामग्री सुरक्षा के लिए इसे थाने में जमा कराया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 6 फरवरी को “परीक्षा पे चर्चा” कार्यक्रम के माध्यम से देशभर के छात्रों शिक्षकों और अभिभावकों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को परीक्षा के तनाव से मुक्त रहकर आत्मविश्वास के साथ तैयारी करने की प्रेरणा दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि परीक्षा को युद्ध नहीं उत्सव की तरह लेना चाहिए। उन्होंने स्मार्ट स्टडी नियमित रिवीजन समय प्रबंधन डिजिटल डिस्ट्रैक्शन से दूरी और सकारात्मक सोच अपनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बालाघाट जिले के सभी स्कूलों में किया गया। सांदीपनि विद्यालय बालाघाट में आयोजित प्रसारण में कलेक्टर मृणाल मीना विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी विचारों को ध्यानपूर्वक सुना। इस अवसर पर कलेक्टर ने भी छात्रों को मार्गदर्शन दिया। विद्यालय प्राचार्य डॉ युवराज राहंगडाले ने बताया कि कार्यक्रम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। जिला सहकारी समिति के सहायक प्रबंधकों ने प्रभारी प्रबंधक कैडर भर्ती प्रक्रिया में संदेह जताते हुये इस भर्ती प्रक्रिया का विरोध किया है। इस मामले को लेकर शुक्रवार को जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक पहुंचकर बैंक प्रबंधक से मिलकर इस समस्या से अवगत कराया। सहकारी समितियों में प्रभारी प्रबंधक के पदों पर भर्ती किये जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की जावेगी। प्रांतीय संगठन के आव्हान पर प्रमुख पेंशनर्स एसोसिएशन जिला बालाघाट के बैनर तले प्रदेश शासन द्वारा पेंशन कार्यालय जिलों से १ अप्रैल से बंद किये जाने का विरोध किया गया। पेंशन एसोसिएशन द्वारा जिलों से पेंशन कार्यालय बंद न किये जाने की मांग को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। इस संबंध में प्रमुख पेंशनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि जिले से पेंशन कार्यालय बंद होने पर पेंशनरों को पेंशन संबंधी समस्याओं के लिये भोपाल के चक्कर लगाना पड़ेगा। जिससे सीनियर सिटीजनों को बहुत ही कठिनाईयों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने शासन से मांग की है कि जिलों में ही पेंशन कार्यालय प्रारंभ रखा जाए। शहरी क्षेत्र के वार्ड नंबर 33 गायखुरी में 8 फरवरी को सकल हिन्दू समाज द्वारा भव्य हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम शासकीय प्राथमिक स्कूल गायखुरी के समीप मैदान में शाम 5 बजे से प्रारंभ होगा। सम्मेलन में अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु पिछले एक सप्ताह से प्रतिदिन सुबह 6 बजे प्रभातफेरी निकाली जा रही है। भगवा ध्वज के साथ रामधुन करते हुए युवा महिलाएं और बच्चे लोगों को सम्मेलन में शामिल होने का आमंत्रण दे रहे हैं। इसी क्रम में 5 फरवरी को दुर्गा चौक से भगवा पदयात्रा निकाली गई जो प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए वापस दुर्गा चौक पर संपन्न हुई। पदयात्रा से पूर्व भूमिपूजन कर भगवा ध्वज फहराया गया। ग्राम पंचायत पचपेड़ी के अंतर्गत चांगोटोला–खैरगांव शिवधाम स्थित प्राचीन मंदिर में भगवान श्री शंकर जी की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा का भव्य धार्मिक आयोजन श्रद्धा और वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर आसपास के अनेक गांवों से हजारों श्रद्धालु शिवधाम पहुंचे। मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः वैदिक मंत्रोच्चार शंखनाद और पूजा-अर्चना के साथ हुआ। विद्वान पंडितों ने शास्त्रोक्त विधि से हवन पूजन रुद्राभिषेक एवं विशेष अनुष्ठान कराए। धूप-दीप की सुगंध और मंत्रों की गूंज से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय एवं आध्यात्मिक बन गया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। इस धार्मिक कार्यक्रम ने क्षेत्र में आस्था और सांस्कृतिक एकता को और मजबूत किया।