Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
ट्रेंडिंग
18-Mar-2023

1. छिंदवाड़ा से होगा कांग्रेस का राजनीतिक अंत: शिवराज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज 25 मार्च को आयोजित होने वाले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने छिंदवाड़ा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पुलिस ग्राउंड में आयोजन स्थल का मैप देखा। जिसके बाद वे भाजपा कार्यालय पहुंचे। बता दें कि भाजपा कार्यालय में अमित शाह भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यालय में बेहतर व्यवस्था बनाने के लिए पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके बाद मुख्यमंत्री परासिया रोड स्थित एक निजी होटल पहुंचे जहां पर उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक ली। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रत्येक पन्ना प्रभारी अपने कार्यों को सही तरीके से करें। छिंदवाड़ा जिले से ही कांग्रेस और कमलनाथ का राजनीतिक अंत होगा। 2. शिवराज बोले जामसावली में बनेगा हनुमान लोक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इमलीखेड़ा हवाई पट्टी में पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि पिछले दिनों वह कमलनाथ सरकार के द्वारा हटाई गई शिवाजी की प्रतिमा की स्थापना करने सौंसर आये थे। तब छिंदवाड़ा के विकास को लेकर कुछ अन्य योजनाएं भी उनके संज्ञान में लाई गई थी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार लाडली बहना योजना सहित तमाम जन कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। उज्जैन के श्री महाकाल लोक की तर्ज पर छिंदवाड़ा के प्रसिद्ध जामसावली मंदिर में हनुमान लोक का निर्माण होगा। 3. छात्राओं से छेड़खानी करने वाले शिक्षक गया जेल आदिवासी अंचल तामिया में एकलव्य विद्यालय की छात्राओं के साथ अश्लील छेड़छाड़ करने वाले शिक्षक राजेश सनोड़िया को पुलिस ने गिरफ्तार कर आज जेल भेज दिया। गौरतलब है कि बीते दिनों छात्राओं ने शिक्षक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए उसकी शिकायत थाने में की थी। इस मामले में ट्राइबल विभाग के द्वारा आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित भी कर दिया गया था। आज पुलिस के द्वारा उक्त शिक्षक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। 4. संयुक्त मोर्चा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिकाओं की हड़ताल जारी संयुक्त मोर्चा के तत्वाधान में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका और पर्यवेक्षक विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर जेल बगीचे में बैठे हुए हैं। आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के छिंदवाड़ा आगमन पर पुलिस प्रशासन यहां पर अलर्ट दिखाई दिया। 5. साहू समाज का विवाह सम्मेलन सिवनी रोड स्थित साहू समाज के मंगल भवन में आज साहू समाज के द्वारा मां कर्मा जयंती के उपलक्ष में सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के 5 जोड़ों का धार्मिक रीति-रिवाज से विवाह संपन्न कराया गया। साहू समाज संगठन के द्वारा नवविवाहित दंपतियों को 1 लाख रूपये की उपहार सामग्री भेट की गई। 6. कैलाश नगर में गिरा मकान का छज्जा वार्ड नंबर 13 कैलाश नगर में शुक्रवार की देर रात क्षेत्रीय निवासी राजकुमार वर्मा के मकान का छज्जा अचानक गिर गया। बताया जाता है कि हल्की रिमझिम बारिश से नमी आने के कारण उनके जर्जर मकान का यह छज्जा गिरा था। इस हादसे में कोई भी चोटिल नहीं हुआ। 7. वरिष्ठ नागरिक मंच ने मनाया होली मिलन समारोह वरिष्ठ नागरिक मंच के द्वारा आज कलेक्ट्रेट कार्यालय के पास स्थित वरिष्ठ नागरिक मंच के सुविधा केंद्र में होली मिलन समारोह का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक मंच के सभी पदाधिकारी और सदस्य मौजूद थे।